CG News: बिलासपुर में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है, जहां सरकारी स्कूल में लकवा ग्रस्त शिक्षक शंकर सिंह कंवर की जगह उनका दामाद बीते तीन सालों से बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मामला खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तक पहुंचा तो उन्होंने केवल आकर देखता हूं कहकर पल्ला झाड़ लिया।
Publish Date: Sat, 06 Sep 2025 04:55:06 PM (IST)
Updated Date: Sat, 06 Sep 2025 04:55:06 PM (IST)

HighLights
- बेलगहना के आमागार स्कूल का मामला
- शिक्षा विभाग के व्यवस्था पर उठे सवाल
- दांव पर लगा बच्चों का भविष्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा ब्लाक के बेलगहना क्षेत्र का आमागार प्राथमिक स्कूल में शिक्षा विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां लकवा ग्रस्त शिक्षक शंकर सिंह कंवर की जगह उनका दामाद बीते तीन सालों से बच्चों को पढ़ा रहे हैं। आरोप यह भी है कि दामाद अकसर शराब पीकर स्कूल पहुंचता है। यह चौंकाने वाला मामला शिक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बीईओ ने झाड़ा पल्ला
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा विभाग की अनदेखी के चलते बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है। जिन बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी योग्य शिक्षक की थी, वहां शराबी दामाद पढ़ा रहा है। यह स्थिति शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को उजागर करती है। मामला खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तक पहुंचा तो उन्होंने केवल आकर देखता हूं कहकर पल्ला झाड़ लिया।