सूदखोरी: 16 लाख रुपये कर्ज के बदले लिए 30 लाख, और वसूली के लिए धमका रहा सूदखोर गिरफ्तार

Author name

April 2, 2025


सरकंडा के ड्रीम इंपिरिया में रहने वाले डॉक्टर संजय बंजारे सरकारी अस्पताल में पदस्थ हैं। उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं। उन्होंने निजी जरूरतों के लिए पैसे उधार लिए थे। ब्याज समेत पैसे चुकाने के बाद भी और पैसों की डिमांड कर रहा था सूदखोर।

By Shashank Shekhar Bajpai

Publish Date: Wed, 02 Apr 2025 02:08:02 PM (IST)

Updated Date: Wed, 02 Apr 2025 02:08:02 PM (IST)

सूदखोरी: 16 लाख रुपये कर्ज के बदले लिए 30 लाख, और वसूली के लिए धमका रहा सूदखोर गिरफ्तार
सरकंडा पुलिस की गिरफ्त में आरोपित युवक।

HighLights

  1. निजी जरूरतों के कारण आशीष टंडन से उधार लिए थे रुपये।
  2. ब्याज समेत पैसे चुकाने के बाद भी 27 लाख और मांग रहा था।
  3. डॉक्टर को परिवार के साथ जान से मारने की दे रहा था धमकी।

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में डॉक्टर ने जरूरत पड़ने पर दो साल के भीतर 16 लाख रुपये कर्ज में लिए। उन्होंने ब्याज समेत करीब 30 लाख लौटा दिए। इसके बाद भी सूदखोर अपने साथियों को लेकर डॉक्टर से 27 लाख रुपये की मांग कर रहा है।

मना करने पर वह अपने साथियों को लेकर डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दे रहा है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सरकंडा के ड्रीम इंपिरिया में रहने वाले डॉक्टर संजय बंजारे सरकारी अस्पताल में पदस्थ हैं। उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं।

डॉक्टर ने बताया कि तीन साल पहले दोस्तों सागर और चंद्रप्रकाश के माध्यम से आशीष टंडन से मुलाकात हुई थी। तब उन्हें पता चला कि आशीष ब्याज पर रुपये देता है। डॉक्टर ने 2022 में घरेलू जरूरतों के कारण आशीष टंडन से चार लाख रुपये उधार लिए। इसके बाद 2023 में उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 16 लाख रुपये का कर्ज लिया।

अलग-अलग धाराओं में पुलिस ने दर्ज किया केस

डॉक्टर ने बताया कि वे ब्याज समेत अब तक वह 30 लाख रुपये लौटा चुके हैं। इसके बाद भी आशीष 27 लाख रुपये और मांग रहा है। आशीष टंडन, मनोज बंजारा और जितेंद्र बंजारा लगातार दबाव बना रहे हैं। उन्होंने डॉक्टर को 20 मार्च को महाराणा प्रताप चौक पर बुलाकर घेर लिया।

इस दौरान उन्होंने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। रविवार को मनोज बंजारा ने फोन कर पांच लाख रुपये मांगे। रुपये नहीं मिलने पर पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी। उसी रात आशीष टंडन और मनोज बंजारा उनके घर में घुस गए।

सड़क पर उनका साथी सूरज सोनवानी पहरा दे रहा था। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने कर्जा एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं में जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

खुद को बताया बलौदाबाजार अग्निकांड का हीरो

पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि आरोपित आशीष टंडन और उसके साथी लगातार परेशान कर रहे हैं। आरोपित जितेंद्र बंजारा और उसके साथियों ने डॉक्टर को मारकर उनके परिवार से रुपये वसूल लेने के धमकी दी।



Source link