सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने दो स्थायी वारंटी ईश्वर गोड़ उर्फ छोटा क्राइम और शिब्बू साहू को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाली महिला को बेटी के रेप की शिकायत वापस लेने के लिए धमकाया गया है।
By Shashank Shekhar Bajpai
Publish Date: Wed, 12 Mar 2025 02:36:37 PM (IST)
Updated Date: Wed, 12 Mar 2025 02:36:37 PM (IST)

HighLights
- धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार।
- सात अन्य बदमाशों और दो स्थायी वारंटियों को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार।
- रेप पीड़िता की मां को केस वापस न लेने पर दी वीडियो वायरल करने की धमकी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। होली के मद्देनजर सरकंडा पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सात अन्य बदमाशों और दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि महामाया आईटीआई के पास 10 मार्च को गोविंद दास और बगदई मंदिर के पास विजयदास मानिकपुरी को धारादार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके दूसरे दिन सुभाष चौक के पास भौमिक कौशल, पठान मोहल्ला चांटीडीह में मोह. सादाब कुरैशी और भूकंप अटल आवास में राजा उर्फ राज ठाकुर को धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
हुड़दंग मचा रहे थे बदमाश
पुलिस ने गश्त के दौरान सार्वजनिक जगहों पर हुड़दंग मचा रहे अभिषेक सूर्यवंशी, संदीप सूर्यवंशी, सन्नी लास्कर, अभिषेक लास्कर, रितेश पांडेय, सतीश सिंह ठाकुर और मोह. दिशान को गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। सरकंडा पुलिस ने दो स्थायी वारंटी ईश्वर गोड़ उर्फ छोटा क्राइम और शिब्बू साहू को भी गिरफ्तार किया है।
सिविल लाइन क्षेत्र में चाकू लहराते दो गिरफ्तार
इधर, सिविल लाइन पुलिस ने भी बदमाशों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। सिविल लाइन पुलिस ने मंगलवार की रात गश्त के दौरान तालापारा के भारत चौक पर रहने वाले शान खान (19) को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
इसी तरह पुलिस की टीम ने मिनी बस्ती में रहने वाले सेवन कुमार उर्फ पकला (22) को मोहल्ले में चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपित को थाने लाकर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। सिविल लाइन पुलिस होली के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। इस दौरान संदिग्धों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
दुष्कर्म पीड़ित की मां से मारपीट
वहीं, सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाली दुष्कर्म पीड़ित युवती की मां से मारपीट और केस वापस लेने दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत सिरगिट्टी थाने में की है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।
सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की पहचान रायगढ़ के गिरवानी में रहने वाले धनुर्जय यादव से थी। युवक ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। उनकी बेटी की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महिला पांच मार्च की शाम चार बजे अपने घर पर थी। इसी दौरान तीन महिलाएं उनके घर आईं। आते ही महिलाओं ने उनकी बेटी के संबंध में पूछताछ करते हुए केस वापस लेने कहा। उन्होंने बेटी से कोर्ट में बयान बदलवाने के लिए दबाव बनाया।
मना करने पर महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए उनकी बेटी के अश्लील फोटो को वायरल करने और शादी के मंडप से उठवा लेने की धमकी दी। महिला ने इसकी जानकारी मोबाइल पर अपने पति को दी। उनके पति ने आकर पूछताछ की तो एक महिला ने खुद को आरोपित धनुर्जय यादव की मां बताया।