25 लाख की सुपारी लेकर पार्षद के हत्या की रची साजिश, कोशिश नाकाम रही तो कर डाली 3 करोड़ की लूट, 7 गिरफ्तार

Author name

February 23, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए एक सनसनीखेज हत्या की साजिश को भी नाकाम कर दिया। सोमवार को मामले का पर्दाफाश करते हुए उपपुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अंतरराज्यीय गिरोह वास्तव में वार्ड नंबर 36 के पार्षद व एमआइसी सदस्य बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी मिलने पर शहर पहुंचे थे। हत्या के प्रयास में विफल रहने पर गिरोह ने शहर के बड़े ज्वेलर्स और व्यापारियों को अपना निशाना बनाना शुरू किया था।

25 लाख में दी गई थी पार्षद की सुपारी

राजकिशोर नगर में 17 फरवरी की रात महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर तीन करोड़ से अधिक के गहनों की लूट के मामले में बिलासपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। उपमहानिरीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि एसीसीयू और सरकंडा पुलिस की टीम ने जब जांच शुरू की, तो कड़ियां दिसंबर 2025 से जुड़ती गईं। दरअसल, राजू सोनकर और एमआइसी सदस्य व वार्ड नं. 36 के पार्षद बंधु मौर्य के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके कारण राजू ने बंधु मौर्य को रास्ते से हटाने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी नारद श्रीवास को दी थी।

यूपी के मिर्जापुर से सात आरोपित गिरफ्तार

नारद श्रीवास ने दिल्ली, यूपी और एमपी के शूटरों को शहर बुलवाया। गिरोह ने 18 दिसंबर को पार्षद पर जानलेवा हमला किया, लेकिन वे बच निकले। इसके बाद खर्च निकालने के लिए गिरोह ने नेटी समोसा संचालक को लूटने की कोशिश की और अंततः ज्वेलरी शॉप के संचालक पर हथौड़ी व कट्टे की बट से हमला कर दो किलो सोना और लाखों की नगदी लूट ली। पुलिस ने मिर्जापुर यूपी में घेराबंदी कर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर सरकंडा पुलिस नारद श्रीवास को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

सुपारी देने वाला भाजपा नेता

भाजपा पार्षद व एमआइसी सदस्य बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी देने वाला राजू सोनकर भी ना सिर्फ जुड़ा हुआ है, बल्कि अहम पद पर उसकी नियुक्ति की गई है। उसे भाजपा पूर्वी मंडल बेलतरा में अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है।

साजिश का मास्टरमाइंड नारद श्रीवास

बिलासपुर के पुराने आदतन अपराधी नारद श्रीवास को पुलिस ने साजिश का मुख्य सूत्रधार बताया है। नारद ने ही अंतरराज्यीय शूटरों विनोद प्रजापति और विजय लांबा से संपर्क कर उन्हें बिलासपुर बुलाया। नारद ने अपराधियों के रुकने के लिए बिना आइडी के होटल और फार्म हाउस का इंतजाम किया। साथ ही, उसने शहर के संपन्न व्यापारियों की पहचान कर लुटेरों को उनके आने-जाने के रास्तों की सटीक जानकारी भी दी थी।

चांटीडीह कॉम्पलेक्स के पास हत्या का असफल प्रयास

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि राजू सोनकर और पार्षद बंधु मौर्य के बीच दयालबंद की एक जमीन को लेकर विवाद था। राजू ने एमआइसी सदस्य बंधु मौर्य को मारने के लिए 25 लाख की सुपारी नारद श्रीवास को दी और छह लाख एडवांस भी दिए। 18 दिसंबर को शूटरों ने चांटीडीह काम्प्लेक्स के पास बंधु मौर्य की गाड़ी से टक्कर करने के बाद झगड़ा करने के दौरान हत्या का प्लान बनाया था। तब फायरिंग की कोशिश असफल रही और पार्षद ने सूझबूझ से कार भगा ली, जिससे हत्या का प्रयास विफल हो गया।

तब बनाई की लूट योजना

हत्या के योजना फेल होने के बाद गिरोह ने आर्थिक लाभ के लिए लूट की रणनीति बनाई। आरोपितों ने अकलतरा से एक मारुति ईको कार चोरी की ताकि वारदात के समय अपनी पहचान छिपाई जा सके। उन्होंने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी की कई दिनों तक रेकी की और फिर लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मिर्जापुर की ओर भाग गए। पीछा कर रही पुलिस के साथ आरोपितों की झड़प भी हुई, जिस पर भी एक एफआइआर दर्ज है।

आरोपितों ने कई बार किया लूट का असफल प्रयास

गिरोह ने शहर में सिलसिलेवार घटनाओं को अंजाम दिया। 18 दिसंबर को पार्षद पर हमला करने के अगले ही दिन 19 दिसंबर को इन्होंने नेटी समोसा संचालक लखन देवांगन को लूटने का प्रयास किया। जब वहां सफलता नहीं मिली, तो महालक्ष्मी ज्वेलर्स में करोड़ों की लूट को अंजाम दिया। गिरोह होली पर्व के समय सदर बाजार की एक दुकान में तिजोरी तोड़ने की योजना भी बना चुका था।

100 सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर पहुंचे आरोपितों तक

लूट की वारदात को सुलझाने के लिए सरकंडा पुलिस व एसीसीयू की टीम ने लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपितों का पीछा करना शुरू किया। सायबर सेल को इनपुट मिला कि आरोपित बनारस रोड से यूपी भाग रहे हैं। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने तत्काल रवाना होकर मिर्जापुर के अहरौरा में घेराबंदी की। पकड़े जाने के दौरान आरोपितो ने पुलिस पर हमले का प्रयास भी किया, लेकिन टीम ने उन्हें दबोचकर माल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित और जब्त सामान

राजू सोनकर बिलासपुर, नारद श्रीवास बिलासपुर, विनोद प्रजापति अनूपपुर, करीम खान बरेली, विजय लांबा नई दिल्ली, मोनू उर्फ राहुल नोएडा और स्थानीय मददगार इरफान अली सीपत शामिल हैं। इनके पास से लूटा गया दो किलो सोना, पांच लाख नकद, कट्टा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो व ईको कार पुलिस ने जब्त किया है।

यह भी पढ़ें- तलाक के बाद फिर हुआ प्यार, डिक्री रद्द कराने पहुंचे पति-पत्नी, हाई कोर्ट ने कहा- अब यह कानूनी रूप से संभव नहीं

आरोपितों के खिलाफ लूट व हत्या के प्रयास के दर्ज मामले

सरकंडा थाना- अपराध 219 महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज।

सरकंडा थाना- अपराध 1758 समोसा व्यवसायी लखन देवांगन से लूट के प्रयास का मामला।

सरकंडा थाना- अपराध 241 एमआइसी सदस्य की हत्या की साजिश और षड्यंत्र रचने की धाराएं।

अहरौरा थाना यूपी- पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने के तहत अलग से केस दर्ज।

पेशेवर अपराधियों के ग्रुप को सुपारी किलिंग के लिए बुलाया गया था। हमारी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को यूपी से गिरफ्तार किया है। शहर में बिना पहचान पत्र के अपराधियों को पनाह देने वाले होटल और फार्म हाउस संचालकों के विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।- रजनेश सिंह, उपपुलिस अधीक्षक बिलासपुर



Source link