Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नर्सिंग कॉलेज में सलेक्शन नहीं होने पर तखतपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती आत्महत्या के लिए रामसेतु के रेलिंग पर चढ़ गई। युवकों ने बातचीत में उलझाकर उसे किसी तरह रेलिंग से खींच लिया। युवती को सरकंडा पुलिस के हवाले किया गया है।
Publish Date: Sun, 24 Aug 2025 08:46:10 PM (IST)
Updated Date: Sun, 24 Aug 2025 08:46:10 PM (IST)

HighLights
- रामसेतु पुल पर युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला
- नदी में छलांग लगाने के लिए पुल के रेलिंग पर चढ़ गई युवती
- सिलेक्शन नहीं होने पर युवती ने सुसाइड करने का सोचा
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। नर्सिंग कॉलेज में सिलेक्शन नहीं होने पर तखतपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती आत्महत्या के लिए रामसेतु के रेलिंग पर चढ़ गई। युवकों ने बातचीत में उलझाकर उसे किसी तरह रेलिंग से खींच लिया। युवती को सरकंडा पुलिस के हवाले किया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
सिलेक्शन नहीं होने पर सुसाइड करने का सोचा
सरकंडा टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि तखतपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। युवती नर्सिंग कालेज में एडमिशन लेना चाहती थी। इसमें उसका सिलेक्शन नहीं हो पाया। इसके कारण युवती परेशान थी। इसी कारण वह शनिवार की देर रात रामसेतु के पास पहुंच गई।
युवती नदी में छलांग लगाने के लिए पुल के रेलिंग पर चढ़ गई। तभी वहां से गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी। युवकों ने उसे बातचीत में उलझाया। साथ ही इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान ही एक्टिवा सवार युवक वहां पहुंचा। उसने गाड़ी खड़ी कर पीछे से युवती को पकड़ लिया। उसे रेलिंग से उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में अब तक किसी गंभीर घटना की जानकारी नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें- कलयुगी बेटी ने पिता को रास्ते से हटाया, प्रेमी और दोस्त को रुपये का लालच दिया और… जानिए 4 साल बाद कैसे खुला मामला
टीआई पहुंचे मौके पर, युवती को बताया जीवन और परिवार का महत्व
घटना की जानकारी लगते ही टीआई निलेश पांडेय मौके पर पहुंचे। युवती को साथ लेकर वे थाने पहुंचे। टीआई ने युवती से मनोवैज्ञानिक तरीके से बातचीत की। इससे युवती ने उनसे खुलकर बातचीत की। इधर टीआई ने युवती को जीवन और परिवार का महत्व समझाया। बातचीत के दौरान युवती भावुक हो उठी। उसने अपनी गलती को स्वीकार करते हुए संघर्ष और मेहनत से आगे बढ़ने की बात कही है। घटना की जानकारी स्वजन को दी गई है। उनके आने पर युवती को स्वजन के हवाले किया जाएगा।