बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में घरेलू हिंसा से परेशान होकर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने बताया था कि उनकी बेटी के साथ दामाद मारपीट करता था।
By Roman Tiwari
Publish Date: Sat, 02 Aug 2025 03:11:39 PM (IST)
Updated Date: Sat, 02 Aug 2025 03:12:07 PM (IST)

HighLights
- अप्रैल महीने में महिला ने की थी आत्महत्या
- सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह का मामला
- परिजनों ने पहले लगाया था हत्या का आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर पति परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर महिला ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मायके वालों से पूछताछ और बयान के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सरकंडा पुलिस ने दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
सरकंडा थाने में पदस्थ एसआइ अवधेश सिंह ने बताया कि बलौदा में रहने वाली सुलोचनी देवांगन की शादी 22 फरवरी 2023 को लिंगियाडीह में रहने वाले अंकित देवांगन उर्फ निक्कू से हुई थी। पांच अप्रैल 2025 को महिला की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। स्वजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। साथ ही महिला के मायके वालों को भी इसकी जानकारी दी।
पहले ससुराल वालों पर हत्या का लगाया आरोप
प्राथमिक पूछताछ में मायके वालों ने अपनी बेटी की हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया। इसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। पीएम रिपोर्ट से फांसी लगने के कारण मौत की पुष्टि हुई।
पति छोटी-छोटी बातों पर करता था मारपीट
इधर मायके वालों ने अपने बयान में बताया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दामाद अंकित देवांगन परेशान करता था। छोटी-छोटी बातों को लेकर मारपीट करता था। उनकी बेटी ने कई बार इस संबंध में बताया था। तब मायके वालों ने अंकित और उसके परिवार के लोगों को समझाइश दी थी।
मायके वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
मकान पर कब्जा करने को लेकर बहन ने की भाई की पिटाई
बिलासपुर के कुदुदंड क्षेत्र में मकान पर कब्जे को लेकर ममेरे भाई ने अपनी बहन की पिटाई कर दी। मारपीट से घायल महिला ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
सिविल लाइन क्षेत्र के शिव चौक कुदुदंड में रहने वाली गायत्री यादव (45) ने शिकायत में बताया है कि वह अपने मायके में रहकर अपनी नानी की सेवा कर रही थी। नानी ने अपनी मौत से पूर्व एक कमरा, जिसमें वे रहती थीं, वसीयतनामा के जरिए गायत्री यादव के नाम कर दिया था। गायत्री यादव ने बताया कि नानी की मौत के बाद उनका मामा का लड़का अनिकेत जबरन उस मकान में रहने लगा और बार-बार वहां आकर कब्जा जमाने की कोशिश करता रहा।
यह भी पढ़ें: संजय दत्त का ये कैसा फैन… ‘ मैं हूं खलनायक ‘ गाने पर सड़क पर ऐसा नाचा कि लग गया लंबा जाम
वह 31 जुलाई को करीब 10:30 बजे जब उन्होंने अनिकेत को बार-बार आने-जाने से मना किया तो वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर युवक ने गायत्री के साथ हाथापाई की और गैती की लकड़ी से हमला कर दिया।