बिलासपुर के सीपत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण तिवारी के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेना के आपरेशन सिंदूर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूर्व विधायक को उनके फार्म हाउस से लुंगी-बनियान में ही गिरफ्तार कर लिया है।
By Roman Tiwari
Edited By: Roman Tiwari
Publish Date: Thu, 05 Jun 2025 02:46:36 PM (IST)
Updated Date: Thu, 05 Jun 2025 02:46:36 PM (IST)

HighLights
- पूर्व कांग्रेस विधायक अरुण तिवारी को किया गिरफ्तार
- ऑपरेशन सिंदूर और पीएम पर आपत्तिजनक टिप्पणी
- पूर्व विधायक को लुंगी-बनियान में उठा लाई पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सीपत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण तिवारी के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेना के आपरेशन सिंदूर को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने जुर्म दर्ज किया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। बुधवार की सुबह रतनपुर और सिविल लाइन पुलिस की टीम ने रतनपुर स्थित फार्म हाउस में दबिश देकर आरोपित पूर्व विधायक को लुंगी बनियान में उठा लाई।
बता दें कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नगर निवासी रंजीत सिंह यादव (35) ने पूर्व विधायक अरुण तिवारी के खिलाफ शिकायत की है। युवक का आरोप है कि अरुण तिवारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेना की कार्रवाई आपरेशन सिंदूर को लेकर अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद इसे लेकर इंटरनेट मीडिया पर चर्चा होने लगी। इसी पोस्ट को प्रवीण भट्टाचार्य नामक व्यक्ति ने भी अपनी फेसबुक वाल पर शेयर करते हुए इसे आपत्तिजनक बताया।
लुंगी-बनियान में उठा लाई पुलिस
इस बीच पूर्व विधायक शहर छोड़कर रतनपुर स्थित अपने फार्म हाउस चले गए। बुधवार की सुबह रतनपुर और सिविल लाइन पुलिस की टीम ने फार्म हाउस में दबिश दी। तब वहां पूर्व विधायक आराम कर रहे थे। पुलिस की टीम उन्हें लुंगी बनियान में ही उठा लाई। पुलिस ने आरोपित पूर्व विधायक को न्यायालय में पेश किया। सिविल लाइन टीआइ सुम्मत साहू ने बताया कि आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।