Bilaspur Train Accident: बिलासपुर में मालगाड़ी के ऊपर चढ़ी लोकल ट्रेन, 6 लोगों की मौत, घायलों का रेस्क्यू जारी

Author name

November 4, 2025


Bilaspur Train accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में टक्कर हो गई है। भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर है। मौके पर रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी पहुंच चुके हैं। रेस्क्यू किया जा रहा है। हालांकि, ये हादसा कैसे हुआ अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई है।

Publish Date: Tue, 04 Nov 2025 04:49:18 PM (IST)

Updated Date: Tue, 04 Nov 2025 06:25:02 PM (IST)

Bilaspur Train Accident: बिलासपुर में मालगाड़ी के ऊपर चढ़ी लोकल ट्रेन, 6 लोगों की मौत, घायलों का रेस्क्यू जारी
Bilaspur Train accident: मालगाड़ी के ऊपर चढ़ी लोकल ट्रेन

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बड़े हादसे (Bilaspur Train Accident) की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की आपस में टक्कर हो गई है। तस्वीरों में साफ नजर आ रहा है कि पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई है। इस भीषण रेल हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर है। घटना लालखदान सबवे से करीब तीन से चार किमी दूर कोरबा दिशा में हुई है। बता दें कि घायलों में महिला यात्रियों की संख्या अधिक है। अब तक 10 यात्री अस्पताल पहुंचे है जिनमें एक की मृत्यु हो चुकी है।

naidunia_image

लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट की स्थिति बेहद गंभीर

  • इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की और से सभी हॉस्पिटल और डॉक्टर को सेवा के लिए बुलाया।
  • मौके पर बिलासपुर के कई समाजसेवी संगठन भी पहुंचे।
  • लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और मालगाड़ी गार्ड की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है।
  • रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय सहित बिलासपुर तोरवा के आसपास में लगातार पहुंच रहे एंबुलेंस और मरीज, अपोलो अस्पताल में भी भारी भीड़ है।
  • घटनास्थल पर आम लोगों की भारी भीड़ आरपीएफ और पुलिस के जवान कर रहे है नाकाबंदी।

naidunia_image

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर ट्वीट लिख दुख जताया है। उन्होंने लिखा, ‘बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद है। बिलासपुर जिला कलेक्टर से जानकारी लेकर उन्हें हरसंभव सहायता और राहत कार्य संबंधित निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रख रही है।’

naidunia_image

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। घायल लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है। हालांकि, ये हादसा कैसे हुआ अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई है। इस घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (Commissioner of Railway Safety – CRS) स्तर पर कराई जाएगी, ताकि कारणों की समुचित जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। बिलासपुर रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय में लगातार हादसे के शिकार यात्री पहुंच रहे है। रेलवे केंद्रीय अस्पताल में अब तक 20 से अधिक एंबुलेंस पहुंची है।

naidunia_image

रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी

यात्रियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए घटना के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यात्री एवं उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। रेल प्रशासन पूरी तत्परता से सहायता एवं समन्वय सुनिश्चित कर रहा है।

naidunia_image

आपातकालीन संपर्क :

  • बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
  • चांपा – 8085956528
  • रायगढ़ – 9752485600
  • पेंड्रा रोड – 8294730162
  • कोरबा – 7869953330

राहत कार्य के लिए लाइटिंग की व्यवस्था नहीं

naidunia_image

घटना स्थल पर रेलवे की बड़ी अव्यवस्था भी सामने आ रही है। अब तक राहत कार्य के लिए लाइटिंग की व्यवस्था नहीं कर सकी है। घटनास्थल के आसपास अंधेरा भी है। इस वजह राहत कार्य मे परेशानी भी देखी जा रही है।



Source link