CG Weather Update: प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अपना रंग बदला है। गुरुवार को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग की माने तो आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
By Roman Tiwari
Publish Date: Fri, 08 Aug 2025 08:04:08 AM (IST)
Updated Date: Fri, 08 Aug 2025 08:04:34 AM (IST)

HighLights
- उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आशंका
- एक-दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश संभव
- शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ है। जिससे गुरुवार को राज्य के कई क्षेत्र में बारिश देखी गई। गुरुवार को बिलासपुर, धमतरी, महासमुंद सहित उत्तरी जिलों में हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 2 3 दिनों तक प्रदेश में बारिश की स्थिति ऐसी ही रह सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 12 अगस्त से पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे तापमान में गिरावट के साथ कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी। किसानों और आम लोगों के लिए यह खबर बेहद राहतभरी है।
बिलासपुर के लोगों को मिली गर्मी से राहत
एक सप्ताह से झुलसाती गर्मी और उमस से परेशान बिलासपुरवासियों को गुरुवार शाम मौसम ने बड़ी राहत दी। जहां दिन में तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शाम होते-होते तेज हवाओं और झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। जिले में 45.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिजली कटौती से जूझ रहे लोगों के लिए यह वर्षा किसी संजीवनी से कम नहीं रही।
यह भी पढ़ें: UP Weather Alert: यूपी में फिर बरसेंगे बादल, 35 जिलों में अलर्ट, देखें सूची
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और वर्षा के संकेत दिए हैं। बिलासपुर में लगातार गर्मी और उमस लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक था। इससे पहले बुधवार को पारा सामान्य से पांच डिग्री ऊपर चला गया था। ऊपर से बिजली की कटौती ने आमजन की मुश्किलें और बढ़ा दी थीं। लेकिन गुरुवार शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ वर्षा शुरू हो गई। लोगों ने राहत की सांस ली।