बिलासपुर के सिम्स में शराब पीकर हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त निर्णय लिया गया है। अस्पताल परिसर में शराब के नशे में पकड़े जाने पर संबंधित को सिम्स चौकी पुलिस को सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में शाम 6 बजे के बाद संदिग्धों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है।
Publish Date: Mon, 06 Oct 2025 03:56:02 PM (IST)
Updated Date: Mon, 06 Oct 2025 03:56:02 PM (IST)

HighLights
- परिसर में शाम 6बजे के बाद संदिग्धों का प्रवेश पर लगा प्रतिबंध
- चिकित्सकीय टीम के साथ होने वाले हिंसा को रोकने की कवायद
- संदिग्ध शराबी व्यक्तियों की अल्कोहल मीटर से जांच की जाएगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में अब शराब पीकर प्रवेश करना बहुत ही महंगा साबित होगा। शराब के नशे में पकड़े जाने पर तत्काल पुलिस के हवाले करने का फरमान जारी किया गया है। शराबियों को पकड़ने के लिए अल्कोहल मीटर (ब्रेथ एनालाइजर) का उपयोग किया जाएगा। पकड़े जाने पर सीधे संबंधित को सिम्स चौकी पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
मालूम हो कि बीते चार और पांच अक्टूबर की मध्यरात्रि अस्पताल भवन में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा एक डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार की घटना को अंजाम दिया गया। जिसमे जूनियर डॉक्टरों के साथ शराब के नशे में धुत्त कुछ युवकों ने दुर्व्यवहार करने के साथ जमकर हंगामा मचाया। आएदिन इस तरह की घटना सिम्स में होती रहती है, जिससे चिकित्सकीय स्टाफ अपनी सुरक्षा को लेकर संशय में रहते है।
अक्सर देखा गया है कि ज्यादातर मामलें में हंगामा करने वाले शराब के नशे में रहते है और घटना को अंजाम देते है। वहीं अब इस तरह के मामलों को रोकने के लिए ही शराबियों पर लगाम लगाने का निर्णय सिम्स प्रबंधन ने लिया है। इसी के तहत शराबियों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीन डॉ. रमणेश मूर्ति और एमएस डॉ. लखन सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और तत्काल एल्कोहल मीटर की खरीदी की गई है। जो भी अल्कोहल मीटर में पकड़ में उसकी खातिरदारी अब पुलिस करेगी।
लिए गए है ये भी निर्णय
- पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय मज़बूत किया जाएगा तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की व्यवस्था की गई।
- ट्रामा एवं आपात क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है।
- संस्थान परिसर के प्रमुख बिंदुओं पर उचित प्रकाश व्यवस्था और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
- सभी सुरक्षा कर्मियों को ड्यूटी के दौरान बेटन और आवश्यक उपकरणों के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
- पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए ठेकेदार को चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।
- शराब सेवन कर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की अल्कोहल मीटर से जांच की जाएगी तथा आवश्यक होने पर पुलिस चौकी को तुरंत सौंपा जाएगा।
- त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित की गई है।
छह बजे के बाद संदिग्धों के प्रवेश बंद
शाम छह बजे के बाद सिम्स के अस्पताल भवन में संदिग्धों के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। छह बजे के बाद कोई भी अस्पताल में बिना कारण घुमते मिलेगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शाम छह बजे के बाद जरुरत पड़ने पर अल्कोहल मीटर से शराब जांच भी किया जाएगा, पकड़े गए तो पुलिस के पास जाना तय रहेगा।
यह भी पढ़ें- CG News: 18 साल से सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, नेशनल हाईवे किया जाम
सीएसपी को दी गई दुर्घटना की जानकारी
जूनियरों डॉक्टरों के साथ शराबियों ने दुर्व्यवहार किया है। ऐसे में जूनियर डाक्टर संघ के अध्यक्ष डा़ नागेंद्र साहू व टीम ने इस मामले को लेकर सीएसपी गगन कुमार से मुलाकात भी की है और घटना के संबंध में पूरी जानकारी दी है और समय-समय इस तरह की घटना होने की बात कही है।
ऐसे में सीएसपी ने आश्वासन दिया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएंगे। इधर सिम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कस्डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का अव्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।