Operation Talash Chhattisgarh: ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत गुम इंसान की तलाश में जुटी छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है, जहां उसने देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर चार हजार 472 लोगों को उनके घर तक पहुंचाया। इसमें तीन हजार 207 महिलाएं और एक हजार 265 पुरुष शामिल रहे। इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस की टीम ने एक हजार 56 लोगों को अलग-अलग राज्यों से खोज निकाला।
By Mohan Kumar
Publish Date: Sun, 06 Jul 2025 02:02:16 PM (IST)
Updated Date: Sun, 06 Jul 2025 02:06:52 PM (IST)

HighLights
- ऑपरेशन तलाश के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
- छत्तीसगढ़ पुलिस ने 4472 लोगों को उनके घर तक पहुंचाया
- इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस ने मारी बाजी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत गुम इंसान की तलाश में जुटी पुलिस की टीम ने एक हजार से ज्यादा गुम लोगों को खोजकर उनके घर पहुंचाया है। पुलिस ने यह कार्रवाई राज्य शासन की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत की है। इस अभियान में बिलासपुर पुलिस ने पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा लोगों को उनके घर पहुंचाया है। अभियान में बिलासपुर ने सबसे ज्यादा लोगों को उनके घर पहुंचाकर अव्वल स्थान पर रही।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि राज्य शासन की ओर से पूरे प्रदेश में गुम इंसान की तलाश के लिए ऑपरेशन तलाश चलाया गया। एक महीने तक चले इस अभियान के तहत पुलिस की टीम ने देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर चार हजार 472 लोगों को उनके घर तक पहुंचाया। इसमें तीन हजार 207 महिलाएं और एक हजार 265 पुरुष शामिल रहे।
इन राज्यों में पहुंची पुलिस की टीम
अभियान के तहत पुलिस की टीम मध्यप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश राजस्थान, झारखण्ड, दिल्ली, तमिलनाडू, बिहार, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, कर्नाटक, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पुडूचेरी एवं असम पहुंची। इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस की टीम ने एक हजार 56 लोगों को अलग-अलग राज्यों से खोज निकाला। यह आंकड़ा पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके अलावा दुर्ग पुलिस की टीम ने 807 महिला एवं पुरुषों को बरामद करने में सफलता अर्जित की गई है। वहीं रायपुर पुलिस की ओर से 267 एवं 217 गुमशुदा व्यक्तियों को उनके घर तक पहुंचाया गया है।
पूरे प्रदेश में अव्वल रही बिलासपुर पुलिस
एसएसपी रजनेश सिंह ने डीजीपी के निर्देश पर जिले के गुम इंसान को तलाश करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया था। ऑपरेशन तलाश के लिए उन्होंने सभी थाना प्रभारियों के साथ ही राजपत्रित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए थे। इसके बाद सभी थानों की पुलिस ने गुम इंसान की तलाश में अलग-अलग राज्यों में टीम भेजकर गुम इंसान की तलाश की। उन्हें थाने लाकर स्वजन के हवाले किया गया है।
डीजीपी के निर्देश पर ऑपरेशन तलाश शुरू किया गया था। इस अभियान में उल्लेखनीय सफलता मिली है। सभी थाना प्रभारियों को गंभीरता से काम करने निर्देश दिए गए थे। अभियान के तहत एक हजार से ज्यादा लोगों को उनके स्वजन से मिलाया गया है- रजनेश सिंह, एसएसपी बिलासपुर।