किसानों की बल्ले-बल्ले! होली से पहले CM साय खातों में भेजेंगे 10,324 करोड़ रुपये, बिलासपुर को भी मिलेगी करोड़ों की सौगात

Author name

March 1, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिल्हा के ग्राम रहंगी में 28 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश वासियों को 263.16 करोड़ रुपये के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। समारोह में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी।

किसानों के लिए यह सौगात होली गिफ्ट होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार दोपहर 12 बजे रहंगी खेल मैदान में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान जिले में 15.98 करोड़ की लागत के सात कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ के 82 नए कार्यों का भूमिपूजन कर सौगात देंगे।

किसानों को लाभ और प्रमुख अतिथि

योजना का सीधा लाभ बिलासपुर के 1.25 लाख किसानों को मिलेगा, जिनके बैंक खातों में 494.38 करोड़ रुपये जमा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में चांपी नाला पर सेतु, तखतपुर में स्वास्थ्य केंद्र और खारंग जलाशय में प्रोटेक्शन वाल शामिल है।

लोक निर्माण विभाग संभाग-1 के तहत सीपत-कोरबा मार्ग और मोपका-गतौरा मार्ग के मजबूतीकरण सहित 20 से अधिक सड़कों का शिलान्यास भी होगा। इसके अतिरिक्त, आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से कोटा ब्लाक के कई गांवों में छात्रावासों और आश्रमों का निर्माण शुरू होगा।

बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय और शहरी स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण भी जिले के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रहंगी में सुरक्षा और बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

जिले को मिलने वाली प्रमुख सौगातें

जिले को जो प्रमुख सौगातें मिलेंगी उनमें रतनपुर-कोटा मार्ग पर चांपी नाला में नया पुल, तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल और मस्तूरी में स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। साथ ही सीपत-कोरबा और मोपका-जयरामनगर मार्ग का मजबूतीकरण होगा।

शिक्षा के क्षेत्र में बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय और आदिवासी छात्रावासों का शिलान्यास किया जाएगा। सिंचाई के लिए खारंग जलाशय के स्पील चैनल का जीर्णोद्धार और नहरों की मरम्मत की जाएगी।

ग्रामीण और शहरी बुनियादी ढांचे का विकास

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक की लागत से खोंधरा और छह करोड़ से अधिक की लागत से कलमीटार व अन्य कई दूरस्थ सड़कों का लोकार्पण होगा।

पीएम जनमन योजना के अंतर्गत दारसागर से झरना तक विशेष सड़क निर्माण से आदिवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधरेगी, जिससे किसानों को उपज बेचने में आसानी होगी। विकास की यह सौगात सिर्फ गांवों तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर पंचायतों में भी बुनियादी ढांचे पर जोर दिया गया है।

बिल्हा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन और हाईमास्ट लाइट की स्थापना के लिए लाखों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।



Source link