बिलासपुर के कोटा से दुबई घुमने गए तीन युवक वहां फंस गए हैं। उनकी 2 बार फ्लाइट कैंसिल हो गई है। युवकों को अगली टिकट 5 मार्च की मिली है। …और पढ़ें

HighLights
- दुबई घुमने गए कोटा के तीन युवक फंसे
- अब तक दो बार हो चुकी है फ्लाइट कैंसिल
- युवक ने कहा- दुबई में युद्ध जैसे हालात नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: ईरान से जुड़े युद्ध हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़े असर ने कोटा के तीन युवकों की वापसी यात्रा को अनिश्चितता में डाल दिया है। दुबई घूमने के लिए गए कोटा के तीन युवकों की वापसी फ्लाइट लगातार रद हो रही है।
पहले उनकी टिकट 28 फरवरी की थी, लेकिन उड़ान निरस्त हो गई। इसके बाद तीन मार्च की नई टिकट मिली, वह भी कैंसल हो गई। अब उन्हें पांच मार्च की फ्लाइट का टिकट मिला है और वे उसी के सहारे घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
कोटा में रहने वाले शिवम मिश्रा ने फोन पर बताया कि वे अपने दोस्तों आकाश और आयुष के साथ घुमने के लिए दुबई आए थे। घूमने-फिरने और यादगार पल बिताने की योजना थी, लेकिन अचानक पास के देशाें में तनाव बढ़ने से उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया। शिवम ने बताया कि हम यहां पूरी तरह सुरक्षित हैं। दुबई में युद्ध जैसे हालात नहीं हैं। शहर सामान्य तरीके से चल रहा है, पर्यटन स्थल खुले हैं, लोग अपनी दिनचर्या में व्यस्त हैं।
सुरक्षा के लिए चिंता नहीं
शिवम ने कहा कि सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं है, लेकिन बार-बार फ्लाइट कैंसल होने से मानसिक दबाव जरूर बढ़ गया है। युवकों ने बताया कि परिवार वाले लगातार संपर्क में हैं और हर नई सूचना का इंतजार कर रहे हैं। घर से स्वजन रोज पूछते हैं कि कब लौटोगे। उन्हें समझाना पड़ता है कि यहां सब ठीक है, बस उड़ानें प्रभावित हो रही हैं।
हवाई अड्डों पर यात्रियों की भीड़
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ी हुई है। कई उड़ानें री-शेड्यूल की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ रहा है। शिवम ने बताया कि होटल में रुकने की अवधि बढ़ानी पड़ी है, जिससे खर्च भी बढ़ रहा है। फिर भी वे स्थिति को समझदारी से संभाल रहे हैं और स्थानीय प्रशासन व एयरलाइन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- घर की महिला पर थी बुरी नजर, मुझे भी अपमानित करता था इसलिए मार दिया, खैरागढ़ के अंधे कत्ल में आरोपी का कबूलनामा
वीडियो कॉल से दे रहे जानकारी
शिवम के स्वजन ने बताया कि तीनों युवक लगातार वीडियो कॉल के जरिए घरवालों को अपनी कुशलता की जानकारी दे रहे हैं। जब तक बच्चे सुरक्षित हैं, हमें संतोष है। बस वे जल्द घर लौट आएं। स्वजन ने कहा कि पास के देशों में बढ़ते तनाव का असर उड़ानों के रूट और समय-सारिणी पर पड़ना स्वाभाविक है। सुरक्षा कारणों से कई एयरलाइंस वैकल्पिक मार्ग अपना रही हैं, जिससे उड़ानों में देरी या रद्दीकरण हो रहा है।