बिलासपुर के मस्तुरी में जनपद उपाध्यक्ष और उनके साथियों पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे आरोपी कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने 5 हजार का इनाम रखा है। पु …और पढ़ें

HighLights
- मस्तूरी गोलीकांड के दो आरोपी अब भी फरार
- पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेताओं पर रखा इनाम
- मामले में कांग्रेस नेता समेत 9 आरोपी जेल में बंद
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: मस्तूरी में जनपद उपाध्यक्ष और उनके साथियों पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटेल पर पुलिस ने पांच-पांच हजार इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही चकरभाठा क्षेत्र में गायब नाबालिग के मामले में जानकारी देने वालों को भी पांच हजार का इनाम दिया जाएगा।
बता दें कि मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह अपने रिश्तेदारों और परिचित के साथ 28 अक्टूबर 2025 की शाम नहर चौक के पास बैठे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान नितेश सिंह ने भी अपने लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की थी। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली।
दूसरी ओर से फायरिंग होते देख बाइक सवार बदमाश भाग निकले। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित विश्वजीत अनंत समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कांग्रेस नेता अकबर खान और विश्वजीत अनंत समेत सभी नौ आरोपी अभी जेल में है।
वहीं, कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले अब भी फरार है। मस्तूरी पुलिस ने आरोपित के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। फरार कांग्रेस नेता के रिश्तेदारों से भी कई बार पूछताछ की गई है। इसमें कांग्रेस नेताओं का कोई सुराग नहीं मिल सका है।