सड़क को बनाया शूटिंग स्पॉट… कानून को ठेंगा दिखा रईसजादे हाईवे पर बना रहे रील, प्रशासन खामोश

Author name

July 20, 2025


बिलासपुर-रतनपुर हाईवे एनएच-130 पर कुछ युवक तेज रफ्तार गाड़ियां चलाकर स्टंट कर रहें है और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन की ओर से इन युवाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने यातायात पुलिस पर सवाल उठाए हैं।

By Roman Tiwari

Publish Date: Sat, 19 Jul 2025 09:49:26 AM (IST)

Updated Date: Sat, 19 Jul 2025 10:03:18 AM (IST)

सड़क को बनाया शूटिंग स्पॉट... कानून को ठेंगा दिखा रईसजादे हाईवे पर बना रहे रील, प्रशासन खामोश
हाईवे पर गाड़ियों को रोककर रील बनाई, जिससे सड़क पर जाम लग गया

HighLights

  1. एनएच पर काली गाड़ियों संग किया स्टंट, लगा जाम
  2. वीडियो वायरल के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
  3. प्रशासन नहीं ले रहा एक्शन, लोगों ने उठाए सवाल

धीरेंद्र सिन्हा, नईदुनिया बिलासपुर: बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे एनएच-130 अब रफ्तार के शौकीनों और इंटरनेट मीडिया रील स्टार्स का नया स्टूडियो बन चुका है। चमचमाती गाड़ियों में सवार रईसजादे हाईवे को अपना शूटिंग स्पॉट समझ बैठे हैं। सड़क पर रेस लगाकर आमजन की जान जोखिम में डाल रहे हैं, वहीं पूरी हेकड़ी से इसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित भी कर रहे हैं।

सवाल ये कि क्या कानून सिर्फ आम जनता के लिए है। प्रशासन की चुप्पी सवालों के घेरे में है। फिल्मों में सुना जाता है “सरकार तो सारी अपनी है…” कुछ इसी अंदाज़ में बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर रईसजादे अपने बेशकीमती वाहनों में स्टंट करते नजर आए।

वीडियो वायरल होने आईडी बंद किया

इनमें से एक युवक वेदांत शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम आइडी से बाकायदा यह रील पोस्ट की। इसमें पिता विनय शर्मा का भी जिक्र किया। इसमें वे और उनके साथी गाड़ियों की रेस, स्टंट और वीडियो शूट करते दिखे। रील वायरल हुई तो लोगों ने ट्रैफिक कानूनों की धज्जियों पर गुस्सा जताया। मगर जैसे ही मामला गर्माया। युवक ने अपनी इंटरनेट मीडिया आईडी ही बंद कर दी।

लोगों का प्रशासन पर गुस्सा

लोगों का कहना है कि ये वही युवा हैं, जो कल शहर की सड़कों पर आतंक बन जाएंगे। सवाल ये भी है कि कुछ समय पहले जब एक डीएसपी की पत्नी ने सरकारी गाड़ी पर चढ़कर बर्थडे मनाया था, तो उस पर कार्रवाई हुई, जुर्माना लगा। फिर इन हाईवे हूलिगन्स पर अब तक कोई एक्शन क्यों नहीं।

क्या पुलिस केवल रसूख देखकर कानून लागू करती है। बिलासपुर पुलिस की खामोशी यह दिखा रही है कि या तो उन्हें यह सब दिखाई नहीं दे रहा या फिर देखने के बावजूद आंखें मूंद ली गई हैं।

ट्रैफिक और ला एंड आर्डर के इस खुले मजाक पर अब जनता का भरोसा डगमगा रहा है। अब देखना है कि पुलिस इसे कब गंभीरता से लेती है।

यह भी पढ़ें: CG Coal Scam: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल का करीबी देवेंद्र डड़सेना गिरफ्तार, 100 करोड़ रुपये की वसूली का आरोप

नया ट्रेंड, गाड़ी खरीदो, कानून तोड़ो

गाड़ी की डिलीवरी लेते ही कुछ युवाओं का अगला कदम बन गया है। सड़क पर स्टंट करना। सुरक्षा, नियम और

दूसरों की जान का कोई ख्याल नहीं। हाईवे पर रील बनाकर वाहवाही लूटने वालों पर कार्रवाई कब होगी, ये बड़ा सवाल है।



Source link