सिम्स में जांच की रफ्तार हुई दोगुनी, अत्याधुनिक बायोकेमेस्ट्री मशीनों से अब बारकोड और QR कोड के साथ मिलेगी ब्लड रिपोर्ट

Author name

February 12, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिम्स में मरीजों की बढ़ती संख्या और आधुनिक जांच की जरूरत को देखते हुए बायोकेमेस्ट्री विभाग में अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों को सीएसआर मद से कलेक्टर की ओर से लगवाया गया है। नई व्यवस्था से जांच प्रक्रिया अब पूरी तरह कंप्यूटरीकृत हो गई है और मरीजों को समय पर सटीक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा सकेगी।

सिम्स के बायोकेमेस्ट्री विभागाध्यक्ष डा. मनीष साहू ने बताया कि छह लाख रुपये की लागत से फुल आटोमैटिक बायोकेमेस्ट्री एनालाइजर तथा हाई परफारमेंस लिक्विड क्रोमेटोग्राफी एनालाइजर स्थापित किए गए हैं। नई मशीनों के माध्यम से जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे मरीजों को कम समय में अधिक सटीक और विश्वसनीय रिपोर्ट मिल सकेगी।

बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए यह तकनीकी उन्नयन बेहद जरूरी था। नई व्यवस्था के तहत जांच रिपोर्ट को पूर्णतः डिजिटल और सुरक्षित बनाया गया है। अब प्रत्येक रिपोर्ट में क्यूआर कोड और बारकोड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मरीज अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर कभी भी और कहीं भी अपनी जांच रिपोर्ट देख सकेंगे।

प्रतिदिन हजारों मरीजों का उपचार, 400 नमूनों की जांच

सिम्स में प्रतिदिन औसतन करीब दो हजार ओपीडी और 800 आइपीडी मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जांच सुविधाओं पर लगातार दबाव बना रहता है। बायोकेमेस्ट्री विभागाध्यक्ष ने बताया कि विभाग में प्रतिदिन लगभग 400 मरीजों के रक्त नमूनों की जांच की जाती है। इन नमूनों से करीब तीन हजार 500 अलग-अलग प्रकार के जांच किए जाते हैं।

इस सुविधा से अस्पताल में रिपोर्ट लेने के लिए अनावश्यक भीड़ भी कम होगी। साथ ही रिकार्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संग्रहित रहेंगे। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

सिकल सेल जांच में भी मिलेगी तेजी

सिम्स में सिकल सेल से संबंधित जांच भी नियमित रूप से की जा रही है। नई एचपीएलसी मशीन की स्थापना से अब प्रतिदिन बड़ी संख्या में सिकल सेल मरीजों की जांच सिम्स में ही संभव हो रही है। पहले कई बार मरीजों को अन्य केंद्रों पर रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश जांच संस्थान में ही की जा सकेगी।

डाक्टरों का कहना है कि समय पर सटीक जांच से सिकल सेल जैसे गंभीर रोगों की पहचान और उपचार में काफी मदद मिलेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी।

गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राथमिकता

सिम्स के डीन डा. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डा. लखन सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को सुलभ, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। जांच प्रक्रिया को पूर्णतः कंप्यूटरीकृत एवं त्वरित बनाकर मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करना संस्थान की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और तकनीकी उन्नयन के लिए प्रयास जारी रहेंगे, ताकि बिलासपुर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

यह भी पढ़ें- रायपुर कोर्ट से हत्या के प्रयास के दो आरोपी फरार, पेशी के दौरान पुलिस को दिया चकमा



Source link