हाई कोर्ट की फटकार के बाद गिरफ्तार हुए हाइवे पर रील्स बनाने वाले 7 रईसजादे, कारें जब्त

Author name

July 23, 2025


बिलासपुर के पेंड्रीडीह से रतनपुर जाने वाली बाइपास रोड कार लगाकर सड़क रोककर रील्स बनाने के मामले में हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को फटकार लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 युवकों को गिरफ्तार किया और उनकी गाड़िया जब्त कर ली। हालांकि सभी युवकों को जमानत पर छोड़ दिया गया।

By Roman Tiwari

Publish Date: Wed, 23 Jul 2025 03:11:37 PM (IST)

Updated Date: Wed, 23 Jul 2025 03:16:35 PM (IST)

हाई कोर्ट की फटकार के बाद गिरफ्तार हुए हाइवे पर रील्स बनाने वाले 7 रईसजादे, कारें जब्त
गिरफ्तार हुए हाइवे पर रील्स बनाने वाले 7 रईसजादे

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: नेशनल हाईवे पर लग्जरी गाड़ियां खड़ी करके शार्ट वीडियो (रील) बनाने और सड़क जाम करने के मामले में हाई कोर्ट की फटकार के बाद आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी है। सोमवार देर रात को ही पुलिस ने कांग्रेस नेता विनय शर्मा के बेटे वेदांश सहित सात रसूखदार युवकों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।उनकी सात लग्जरी कारें भी जब्त कर लीं।

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं, क्योंकि इंटरनेट पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही विधायक नेम प्लेट वाली कार और कुछ अन्य गाड़ियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बता दें कि मामला बिलासपुर के पेंड्रीडीह से रतनपुर जाने वाली बाइपास रोड का है। यहां वेदांश शर्मा नाम के युवक ने हाल ही में दो महंगी कारें खरीदी। इसका जश्न मनाने वह अपने साथियों के साथ हाईवे पर उतर आया। काले रंग की लग्जरी गाड़ियों के काफिले को सड़क पर खड़ा कर दिया गया। इससे ट्रैफिक थम गया और राहगीर परेशान होने लगे। पुलिस ने आरोपितों से सिर्फ दो-दो हजार रुपये का जुर्माना वसूलकर मामले को दबा दिया था।

कोर्ट ने कानून-व्यवस्था के लिए बताया खतरा

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति बीडी गुरु की खंडपीठ ने घटना पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कहा कि यह केवल शरारत नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए सीधा खतरा है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामले में पुलिस की लचर कार्रवाई यह दिखाती है कि कानून सभी के लिए समान नहीं रह गया है।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव का बेटा है मुख्य आरोपी

मुख्य आरोपी वेदांश के पिता विनय शर्मा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव रह चुके हैं और वर्तमान में बेलतरा के भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला के काफी करीबी माने जाते हैं। पुलिस ने न तो आरोपितों की तस्वीरें सार्वजनिक की, न ही उनके नाम प्रेस विज्ञप्ति में हैं। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह घटना में शामिल सभी आरोपियों की तलाश की बात कह रहे हैं।



Source link