चिरमिरी में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन:अव्यवस्थाओं-बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के विरोध में उतरे, बोले- योजनाएं केवल कागजों तक सीमित

Author name

January 30, 2026




एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम में अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस और श्रमिक संगठन इंटक ने विरोध प्रदर्शन किया। दोनों संगठनों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 38 सूत्रीय मांगों का एक विस्तृत ज्ञापन नगर निगम आयुक्त को सौंपा। इस दौरान पूर्व महापौर के. डोमरु रेड्डी ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। ज्ञापन में शहर की खराब साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए। पूर्व महापौर ने आरोप लगाया कि ‘मिशन क्लीन सिटी’ जैसी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों के पास झाड़ू और बेलचा जैसी बुनियादी सामग्री तक उपलब्ध नहीं है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्ट्रीट लाइट बंद, रात में शहर अंधेरे में आरोप है कि शहर की सड़कों और वार्डों में लगे ट्यूबुलर पोल और स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इसके कारण रात होते ही पूरा शहर अंधेरे में डूब जाता है। यह स्थिति न केवल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुकी है। नगर निगम पर खोखली घोषणाओं का आरोप कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन केवल बड़ी-बड़ी बातें और खोखली घोषणाएं करता है, जबकि जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। प्रशासन की उदासीनता के कारण आम नागरिक अब आवेदन और निवेदन करना भी छोड़ चुके हैं। मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते 38 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।



Source link