दुष्कर्म मामले में जेल से छूटा आरोपी आंगनबाड़ी पहुंचा:कार्यकर्ता की हत्या के बाद फांसी लगाई, वारदात से पहले बच्चों को आंगनबाड़ी से बाहर निकाला

Author name

February 13, 2026




छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद विचाराधीन कैदी जमानत पर छूटने के बाद सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां कार्यरत 54 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव की है। जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, फरदफोड़ निवासी 57 वर्षीय लखन देवांगन दोपहर के समय आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। उस समय केंद्र में बच्चे भोजन कर रहे थे। आरोपी ने पहले बच्चों को बाहर जाने के लिए कहा और सहायिका को भी केंद्र से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को मारने के बाद फांसी के फंद पर लटका बताया जा रहा है कि उसने उगेश्वरी देवांगन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद लखन देवांगन ने आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर ही फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। देवरी थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 13 जनवरी को पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।



Source link