![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कुसमी पुलिस ने मोबाइल और नकदी लूटने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक को काम का झांसा देकर जंगल में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना 30 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 3 बजे हुई थी। पीड़ित देवलाल राम (18 वर्ष), जो ग्राम केदली का निवासी है, ने पुलिस को बताया कि उसे दो युवक मिले थे। उन्होंने कुएं में मशीन डालने के काम का बहाना बनाकर उसे मजदूरी देने का वादा किया और अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सामरी रोड स्थित जंगल के पास ले गए। मोबाइल और 600 रुपये लूट लिए जंगल में पहुंचने पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल रोकी और देवलाल को जान से मारने की धमकी देते हुए जंगल के भीतर ले गए। वहां उन्होंने एक लकड़ी का डंडा दिखाकर उसे मारने और फेंक देने की धमकी दी। इसके बाद, आरोपियों ने देवलाल के जेब से उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद जबरन लूट लिए। उन्होंने किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद देवलाल जंगल से निकलकर सड़क किनारे काम कर रहे एक व्यक्ति से मिला। उस व्यक्ति ने दोनों लड़कों की पहचान सुलेमान (बाजारपारा कुसमी) और इस्तखार उर्फ बाबू (ग्राम नवडीहा) के रूप में की। पीड़ित की शिकायत पर कुसमी थाने में अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों सुलेमान और इस्तखार उर्फ बाबू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद, 15 जनवरी 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Source link