![]()
कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा इलाके में एक 20 वर्षीय बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतिका की पहचान आरती टंडन (20) के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के गुमिया गांव की मूल निवासी थी। वह कोरबा में कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता का नाम अजीत टंडन है। बुधवार को आरती कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उन्हें घर में रखी बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा स्थित पुराने क्वार्टर (B-2/27) की चाबी गायब मिली। नाना के क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली लाश शक होने पर परिजन उसके नाना अमृत टंडन के पुराने क्वार्टर पहुंचे, जहां का दरवाजा अंदर से बंद था। मृतिका के भाई ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और देखा कि आरती का शव पंखे से लटका हुआ है। आरती बचपन से ही अपने नाना के साथ इसी क्वार्टर में रहकर पढ़ाई करती थी। कुछ समय पहले नाना के SECL से रिटायर होने के बाद वे गांव (गुमिया) चले गए थे, जिसके बाद यह क्वार्टर बंद पड़ा था। पुलिस ने शव को स्थानीय SECL अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। गुरुवार को शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मां ने लगाई थी फटकार मृतिका के पिता अजीत टंडन ने बताया कि आरती की मां ने उसे किसी बात को लेकर समझाने के उद्देश्य से फटकार लगाई थी। इसके बाद वह कॉलेज जाने के नाम पर घर से निकली थी। परिजनों को इस आत्मघाती कदम का कोई अंदेशा नहीं था। बांकीमोंगरा पुलिस ने मौके से युवती का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, जिसके बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
Source link