![]()
बलरामपुर में बुजुर्ग की हत्या के तीसरे दिन भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रामानुजगंज-सनावल मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मामला रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कालिकापुर का है। दरअसल, 15 जनवरी को देवशरण यादव (65) को मवेशी चराने जंगल गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात करीब आठ बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में उनका गर्दन कटा शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था और शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद करीब 300 से 400 ग्रामीण शव को लेकर रामचंद्रपुर के कालिकापुर अटल चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। रामानुजगंज एसडीओपी बाजीलाल सिंह, बलरामपुर एसडीओपी याकूब मेनन, रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नौरंगे, त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेंद्र, रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू, विजयनगर चौकी प्रभारी अश्विनी सिंह सहित अन्य अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
Source link