रात 12.50 बजे से होलिका दहन के लिए शुभ मुहूर्त:4 मार्च को खेलेंगे रंगो की होली, रायगढ़ में सजी रंग-गुलाल की दुकानें, पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग

Author name

March 2, 2026




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में होली त्यौहार को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। इस बार होलिका दहन के लिए शुभ मुहर्त देर रात का है और अगले दिन चंद्र ग्रहण लगने से होली नहीं खेली जाएगी। बल्कि उसके अगली सुबह से लोग रंगो का त्यौहार धूमधाम से मनाएंगे। होली पर्व को लेकर शहर में तकरीबन सप्ताह भर से तैयारियां की जाती है। ऐसे में इस बार भी शहर के गांधी गंज, बुजी भवन चैक, शहीद चौक, गौरीशंकर मंदिर चौक समेत अन्य चौक-चौराहों पर होलिका दहन किया जाएगा, लेकिन इस बार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त देर रात में है। जिसे लेकर आचार्य पंडित रवि भूषण शास्त्री ने बताया कि होलिका दहन के लिए रात को 12.50 बजे 2 बजे तक मुहूर्त है। जिसमें होलिका दहन किया जाएगा। इसके बाद चंद्रग्रहण का समय सुबह 6 बजकर 20 मिनट से है और सुतक लग जाएगा। ऐसे में सभी मंदिरों के पट बंद हो जाएंगे और उसके बाद ग्रहण प्रारंभ होगा। 3 बजकर 20 मिनट से 4 बजकर 34 मिनट पर ग्रहण का मध्य रहेगा। 6 बजकर 47 मिनट में ग्रहण का मोक्ष होगा। इसके बाद 4 मार्च को रंगो का त्यौहार होली खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए कोई मुहूर्त नहीं है। दिन भर होली खेला जाएगा।
शहर में लगी रंग-गुलाल, पिचकारियों की दुकान
होली में बच्चों की पहली पसंद अलग-अलग डिजाइनों की पिचकारियां होती है। अब दुकानों में रंग-गुलाल लेने के लिए लोग पहुंचने भी लगे हैं। इस बार इलेक्ट्रानिक गन, हाईप्रेशर पाइप के साथ ही कार्टून किरादार के पिचकारियों की डिमांड अधिक है। शहर के नटवर स्कूल, चक्रधर नगर चौक, ढिमरापुर, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के साथ ही अन्य जगहों पर रंग-गुलाल व पिचकारियों की दुकानें सज गई है।
सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर
SSP शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के नेतृत्व में शहर में बीते देर शाम बाइक पेट्रोलिंग निकाली गई। जिसमें बाइक पेट्रोलिंग का उद्देश्य शहरवासियों को शांतिपूर्ण रूप से होली मनाने का संदेश देना था। साथ ही आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना और असामाजिक तत्वों, गुंडे-बदमाशों को सख्त चेतावनी देना है कि होली जैसे पर्व में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Source link