12-year-old student injured in Korba bull attack | कोरबा में 12 वर्षीय छात्र सांड के हमले से घायल: निजी अस्पताल में इलाज जारी, आवारा पशुओं पर कार्रवाई की मांग – Korba News

Author name

October 26, 2025


कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 अमरिया पारा में सांड के हमले से एक स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

.

यह घटना तब हुई जब 12 वर्षीय अक्षय कुमार श्रीवास, जो कक्षा 7 में पढ़ता है, घर से ट्यूशन जा रहा था। रास्ते में एक सांड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। सांड ने उसे सींग से उठाकर स्कूली बैग सहित पटक दिया। अक्षय की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसकी जान बचाई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

छात्र के परिजन गुड्डू श्रीवास ने बताया कि अक्षय के पेट के निचले हिस्से में सांड के सींग से गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है और सर्जरी करने की बात कही है। अक्षय अमरिया पारा स्थित वीनस पब्लिक स्कूल का छात्र है।

शहर में आवारा सांडों का आतंक

यह आवारा सांडों के हमले की कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शहर के बाजारों और अन्य स्थानों पर मवेशियों के हमले से कई लोगों की मौत हो चुकी है। वार्ड नंबर 14 के पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद पति टीकम राठौर ने बताया कि शहर में आवारा मवेशियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिस पर नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

नगर निगम द्वारा काऊ कैचर के माध्यम से आवारा मवेशियों को पकड़कर गोकुल नगर स्थित कांजी हाउस में रखा जा रहा है। उनकी देखभाल के लिए कर्मचारी भी तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

हाल ही में शनिवार शाम को शहर के घंटाघर के पास हेलीपैड पर आवारा मवेशियों और सांडों को आपस में लड़ते हुए देखा गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। यह स्थिति शहर में आवारा पशुओं के बढ़ते खतरे को दर्शाती है।



Source link