![]()
भिलाई के उम्दा क्षेत्र की 16 साल की नाबालिग लड़की पिछले 7 दिनों से लापता है। 27 अगस्त की सुबह 8 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद से लौटकर नहीं आई। परिवार ने उसी दिन भिलाई-3 थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
.
लेकिन पुलिस ने कहा कि गुमशुदगी 24 घंटे बाद ही दर्ज होगी। इसके चलते 28 अगस्त को रिपोर्ट लिखी गई। लेकिन अब तक बेटी का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस भी मदद नहीं कर रही है। इससे परेशान मां उगाला बंजारे अब वीडियो बनाकर प्रशासन से बेटी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगा रही है।
मां ने सोशल मीडिया पर रोते हुए लगाई गुहार
मां ने अब सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपनी व्यथा रखी है। वीडियो में कहती हैं- मेरी 16 साल की बेटी 7 दिन से लापता है। पुलिस मेरी कोई मदद नहीं कर रही। मैं बार-बार थाना आ रही हूं। लेकिन से जवाब नहीं मिल रहा है। प्लीज सर… मैं हाथ जोड़कर आपसे अपील करती हूं मुझे मेरी बेटी से मिला दीजिए।
मुझे हर हाल में अपनी लड़की चाहिए। मैं बिल्कुल बेसहारा हूं। मेरी लड़की के अलावा मेरी जिंदगी में कुछ नहीं है। यह वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
काम पर गई और गायब हो गई
उगाला बंजारे ने बताया कि बेटी रोज की तरह काम पर जाने के लिए निकली थी। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आखिरकार थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने टालमटोल कर दिया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस ने पहले दिन ही गंभीरता से कार्रवाई की होती तो बेटी का पता लगाया जा सकता था। उगाला बंजारे का कहना है कि 27 अगस्त को सुबह 8 बजे से मेरी बेटी लापता है। मैंने उसी दिन थाने में रिपोर्ट लिखाने की कोशिश की।
लेकिन पुलिस ने कहा 24 घंटे पूरे होने के बाद ही गुमशुदगी दर्ज होगी। इसके बाद 28 अगस्त को मामला दर्ज किया। लेकिन 7 दिनों तक अब तक कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
लापरवाही नहीं है, जांच चल रही है- पुलिस
इस मामले में भिलाई-3 थाना प्रभारी मनीष शर्मा का कहना है कि मामले में पुलिस की ओर से कोई भी लापरवाही नहीं बरती जा रही है। मामले में जांच चल रही है। केस में क्या अपडेट है मैं इसे चेक करवा लेता हूं।