छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ पुलिस चौकी जालबांधा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चेन स्नैचिंग गिरोह को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करमतरा निवासी मकसूदन साहू (21) और ओमप्रकाश साहू (19) के रूप में हुई है। घटना 21 अगस्त की है।
.
दरअसल, ग्राम सलोनी में दो युवक पानी मांगने के बहाने एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे। उन्होंने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीना और बाइक से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा के निर्देश पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।

रायपुर, धमतरी और बालोद में भी वारदात
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रायपुर, धमतरी और बालोद जिलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का मंगलसूत्र और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की।
इसके अलावा तीन सोने के लॉकेट, दो सोने के नेकलेस, चांदी के कड़े, अंगूठियां, बिछिया, ताबीज, करधन और पायल भी बरामद किए। जब्त आभूषणों की कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपए है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2), 3(5) समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।