कोरबा नगर निगम में जर्जर सड़कों की मरम्मत न होने से नाराज कांग्रेस ने 9 नवंबर से अब तक पांच बड़े आंदोलन किए हैं। आरोप है कि इन विरोध प्रदर्शनों के बावजूद संबंधित विभाग को ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
.
हाल ही में युवा कांग्रेस ने पीसीसी सचिव विकास सिंह के नेतृत्व में रिस्दी चौक पर जर्जर सड़क को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रिस्दी से बालको जाने वाली इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवाजाही बेहद जोखिमभरा हो गया है, जिससे स्थानीय लोग लगातार परेशान हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

शिकायत के बाद भी मरम्मत नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार जिला प्रशासन और निगम प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराया है, लेकिन इसके बावजूद सड़क मरम्मत का कोई काम शुरू नहीं हुआ। इसी लापरवाही के खिलाफ युवा कांग्रेस ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर प्रशासन को ‘नींद से जगाने’ की कोशिश की और जमकर नारेबाजी की।

10 से अधिक बार किया जा चुका है विरोध
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहला प्रदर्शन नहीं है; अब तक 10 से अधिक बार ऐसे विरोध हो चुके हैं। बरसात, गर्मी या ठंड, साल के 12 महीने इस रास्ते पर जर्जर सड़क और धूल से लोग परेशान रहते हैं। इस मार्ग पर कई बार स्कूली बच्चों से भरी बसें, एम्बुलेंस और अन्य वाहन खराब सड़क में फंस चुके हैं।

अधिकतर सड़कें बदहाल
पीसीसी सचिव विकास सिंह ने कहा कि कोरबा की अधिकतर सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, लेकिन जिला प्रशासन और निगम प्रशासन जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष नाथूलाल यादव ने बताया कि यह आंदोलन लगातार जारी है और यह इसका चौथा चरण है। इससे पहले गौ माता चौक, बलगीखार और दादर में भी सड़क समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किए गए हैं।
