महासमुंद जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची से 92,700 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। एसआईआर से पहले जिले में 8 लाख 86 हजार 422 पंजीकृत मतदाता थे, जो अब घटकर 7 लाख 93 हजार 722 हो गए हैं।
.
हटाए गए नामों में सर्वाधिक महिलाएं शामिल हैं। कुल 54,237 महिला और 38,452 पुरुष मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। अब जिले में 3 लाख 99 हजार 107 महिला और 3 लाख 94 हजार 607 पुरुष मतदाता शेष हैं।

बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं का किया सत्यापन
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देश पर 28 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू किया गया था। इसके तहत बीएलओ ने 4 नवंबर से 18 दिसंबर (संशोधित तिथि) 2025 के बीच घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया।
आज निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने इस संबंध में राजनीतिक दलों की बैठक और मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेसवार्ता आयोजित कर विधानसभावार मतदाताओं की संख्या साझा की।
22 जनवरी तक दावा और आपत्ति
कलेक्टर लंगेह ने बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन के बाद मतदाता 22 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त वास्तविक और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कर उन्हें पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।
एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए मतदाताओं के नाम केवल एक ही स्थान पर शामिल किए जाएंगे। दावा-आपत्ति की सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी। सुनवाई की समय-सीमा आज से 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।