सरगुजा जिले के ग्राम करजी में युवक ने अपने दो साल के बेटे को पटक-पटक कर मार डाला। शराबी युवक की पत्नी परेशान होकर एक वर्ष पूर्व मायके चली गई थी एवं ससुराल वापस नहीं लौटी। युवक कुछ दिनों पूर्व ही अपने बेटे को लेकर आया था। उसने बेटे को जमीन पर पटक दिया
.
जानकारी के मुताबिक, दरिमा निवासी जुगलाल सिंह की शादी वर्ष 2022 में रोपखार मैनपाट निवासी विनीत सिंह के साथ हुआ था। जुगलाल अकसर शराब पीकर घर आता था एवं पत्नी के साथ मारपीट करता था। वर्ष 2023 में उनका बेटा हर्षित पैदा हुआ। आए दिन पति द्वारा मारपीट किए जाने एवं शराब पीकर विवाद करने से परेशान होकर एक वर्ष पूर्व विनीता बेटे को लेकर मायके चली गई और वापस नहीं लौटी।

मां के साथ रहता था बच्चा, पिता लेकर आया था घर
बेटे को लेकर आया, फिर मार डाला कुछ दिनों पूर्व जुगलाल अपने ससुराल रोपाखार पहुंचा एवं पत्नी को साथ चलने के लिए कहा। उसने मना कर दिया तो वह अपने बेटे हर्षित को यह कहते हुए साथ लेकर आ गया कि वह उसके बिना जी नहीं पाएगा।
मंगलवार दोपहर को हर्षित घर से थोड़ी दूर खेल रहा था। शराब के नशे में धुत होकर जुगलाल वहां पहुंचा और बच्चे को खींचते हुए घर लेकर आया। बेरहम पिता ने घर में बच्चे को पहले बेदम पीटा फिर उसे जमीन पर पटक दिया।
जमीन में पटके जाने से हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गया और जोर-जोर से रोने के बाद शांत हो गया। जुगलाल ने अपनी पत्नी विनीता सिंह को फोन किया और कहा, तेरे बेटे को मार दिया हूं।

दरिमा पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया
हॉस्पिटल में हुई मौत, आरोपी हिरासत में पिता द्वारा पटकने से घायल हर्षित को लेकर परिजन करजी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पुलिस ने परिजनों को बयान दर्ज किया और सूचना दरिमा थाने को भेज दिया।
पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम कराया एवं शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी जुगलाल के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।