छत्तीसगढ़ के धमतरी स्थित छत्रपति शिवाजी मराठा मंगल भवन में पहली बार पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एक समान वेशभूषा में शामिल हुईं। मराठा मंगल भवन के अध्यक्ष यजमान के रूप में उपस्थित रहे।
.
जीजामाता महिला मंडल की ममता बाबर, प्रतीक्षा बाबर और प्रतिभा बाबर ने बताया कि मराठा समाज का सावन अभी जारी है। यह आने वाली अमावस्या तक चलेगा। समाज के वृद्ध लोग जो मंदिर नहीं जा सकते, उनके लिए यह विशेष आयोजन किया गया।
पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और अभिषेक संपन्न हुआ। इसके बाद हवन का आयोजन किया गया। समाज के लोगों ने देश, राज्य और शहर की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प
कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मरण किया गया। समाज के सदस्यों ने बताया कि 16 वर्ष की आयु में शिवाजी महाराज ने जंगल में शिवलिंग बनाकर अपने रक्त से अभिषेक किया था।
उन्होंने भारत की रक्षा और हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया था। छत्रपति शिवाजी महाराज का भगवान शिव से विशेष लगाव था, जिनके आदर्शों पर मराठा समाज चल रहा है।


