दीपावली त्योहार को लेकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बालोद पुलिस सक्रिय हो गई है। शनिवार शाम 7 बजे पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
.
मार्च की शुरुआत यातायात कार्यालय से हुई, जो सदर रोड, बुधवारी बाजार, टिकरापारा, नयापारा, योगी चौक, मधु चौक होते हुए जय स्तंभ चौक पर समाप्त हुई। इसके बाद पुलिस पेट्रोलिंग वाहन में सवार होकर पुलिस कर्मी शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचे और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से दीपोत्सव मनाने की अपील की।

नियमों का पालन करें, फटाखे जलाने में बरतें सावधानी
एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि दीपावली के दौरान न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही फटाखे जलाने होंगे। किसी भी व्यक्ति के ऊपर फटाखे फेंकना, जोर-जबरदस्ती करना या किसी को परेशान करना दंडनीय अपराध माना जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

अतिरिक्त पेट्रोलिंग और निगरानी टीम रखेगी नजर
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए थानों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं। पुलिस लगातार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में गश्त कर रही है। इस फ्लैग मार्च में बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा, यातायात प्रभारी रविशंकर पांडेय और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।