छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में खराब सड़क से त्रस्त ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने चक्काजाम कर जिम्मेदार नेताओं की तस्वीर वाले पोस्टर टांगे और बैनर पर जर्जर सड़क के साथ गांव के शहीद जवान की फोटो लगाकर इसे शहीद का अपमान बताया।
.
यह आंदोलन सोमवार को गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम कांदुल में हुआ। ग्रामीणों ने कांदुल से खैरबना तक 3 किमी सड़क निर्माण की मांग को लेकर चक्काजाम किया। इस दौरान गुंडरदेही से अर्जुन्दा और राजनांदगांव जाने वाला मार्ग पूरी तरह ठप रहा।

ग्रामीण सड़क पर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।

बैनर में खराब सड़क अनदेखी करना शहीद का अपमान की बात लिखी है।
आजादी के बाद से उपेक्षित सड़क
गांव के पुराणिक लाल, मनोज साहू और महावीर मंडावी ने बताया कि आजादी के बाद से इस सड़क का निर्माण कभी नहीं हुआ। कई बार मांग उठाने के बावजूद सरकार ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण अब तक 3 किमी सड़क को अपने खर्च से श्रमदान कर चलने लायक बनाते रहे। लेकिन इस बार हालात इतने खराब हैं कि स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है।
बजट में शामिल, लेकिन काम अधर में
ग्रामीणों ने बताया कि विधायक कुंवर सिंह निषाद ने 2024 में इस सड़क को बजट में शामिल कराया था। कहा गया था कि 3 से 6 महीने में काम शुरू होगा और करीब 6 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। लेकिन सरकार बदलते ही परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई। अब हालात ऐसे हैं कि इमरजेंसी में एम्बुलेंस तक यहां नहीं पहुंच पाती और छोटे-बड़े वाहन रास्ते भर फंसे नजर आते हैं।

जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण ग्रामीण को आने-जाने में दिक्कतें होती है।
भास्कर की खबर दिखाकर जताया विरोध
कांदुल से खैरबना मार्ग की समस्या को दैनिक भास्कर ने लगातार प्रमुखता से उठाया था। आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने इन्हीं खबरों की कटिंग पोस्टर पर चिपकाई। उनका कहना है कि कांग्रेस शासनकाल में भास्कर की रिपोर्टिंग के बाद सड़क को मंजूरी मिली थी, लेकिन समय के साथ यह फिर अनदेखी की शिकार हो गई। मजबूरी में अब उन्हें चक्काजाम करना पड़ा।

बैनर-तख्ती लेकर गांव वालों ने चक्काजाम कर दिया।
ट्रक खड़ा कर रोका रास्ता
चक्काजाम के चलते अर्जुन्दा, डौंडीलोहारा और राजनांदगांव जाने वाले यात्री और मालवाहक वाहन घंटों फंसे रहे। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार ग्रामीणों को समझाने की कोशिश करती रही। लेकिन ग्रामीणों ने ट्रक बीच सड़क पर खड़ा कर दिया और बांस-टायर लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। किसी को भी गुजरने नहीं दिया गया।