भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी और बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन 28 नवंबर की सुबह रायपुर पहुंच रहे हैं।
.
हाल ही में बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद बनी नई सरकार में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भारी मतों से जीत दर्ज कर पुनः विधानसभा पहुंचे नितिन नबीन अब संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिए प्रदेश का दौरा कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन स्नेह मिलन समारोह में शामिल हुए थे। (फाइल फोटो)
बीजेपी नेताओं के अनुसार नितिन नबीन सुबह नई दिल्ली से रवाना होकर 8:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। विमानतल से वे सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां विभिन्न बैठकों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रभारी नितिन नबीन का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने वाला होगा।

छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन का प्रदेश प्रवास के दौरान स्वागत करते हुए बीजेपी नेता और कार्यकर्ता। (फाइल फोटो)
भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि छत्तीसगढ़ आ रहे नितिन नबीन का कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक स्वागत करने को तैयार हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में एयरपोर्ट पहुंचकर प्रभारी के भव्य स्वागत में शामिल होने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन का प्रदेश प्रवास के दौरान स्वागत करते हुए बीजेपी नेता और कार्यकर्ता। (फाइल फोटो)
एयरपोर्ट पर पारंपरिक वाद्य, स्वागत नारे और पुष्पगुच्छ के साथ भव्य स्वागत की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी संगठन नितिन नबीन की मौजूदगी में आगामी महीनों की रणनीति, सदस्यता विस्तार और जिला दौरों के कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप देने की तैयारी में है। उनके इस प्रवास को भाजपा कार्यकर्ता संगठन के लिए प्रेरणा और दिशा-निर्देश के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं।