धमतरी में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ के धमतरी में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने बीईओ कार्यालय के सामने लगे बैरिकेड तोड़कर कार्यालय का घेराव किया।
.
विधायक ओंकार साहू ने बताया कि प्रदेश सरकार 10,463 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण कर रही है। इससे 45 हजार शिक्षकों के पद समाप्त होंगे। प्राथमिक शालाओं में शिक्षकों की संख्या 1+2 से घटाकर 1+1 की जा रही है।
कांग्रेस का आरोप है कि यह योजना आदिवासी और गरीब बच्चों की शिक्षा पर सीधा प्रहार है। उनका कहना है कि एक प्रधान पाठक बैठकों और शासकीय कार्यों में व्यस्त रहेगा। ऐसे में एक शिक्षक के भरोसे स्कूल चलेंगे। शिक्षक की छुट्टी होने पर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी।

मांगें नहीं मानी गई तो उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी सरकार में बंद स्कूलों को फिर से खोला गया था। आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल जैसी पहल शुरू की गई थी। उन्होंने भाजपा सरकार पर 67 नई शराब दुकानें खोलने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गई तो स्थानीय लोगों और अभिभावकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

शिक्षकों के रोजगार के खिलाफ है यह नीति
यह भी कहा कि यह नीति न केवल शिक्षकों के रोजगार के खिलाफ है। बल्कि इससे प्यून, रसोइया, मध्यान्ह भोजन बनाने वाली महिलाएं और स्वसहायता समूह की बहनों के जीवनयापन पर भी संकट खड़ा हो जाएगा। युक्तियुक्तकरण नीति को ग्रामीणों और आदिवासी अंचलों में शालाओं के समापन और शिक्षकों की मनमानी पदस्थापना को शिक्षा के अधिकार के खिलाफ बताया। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। इस त्रुटिपूर्ण युक्तियुक्तकरण को बंद करना होगा। कांग्रेसियों ने चेतवानी दी है कि कार्रवाई नही होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इन संबंध में बीईओ ने बताया कि कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन में मांग किया गया है, जिसको उच्च कार्यालय तंक पहुंचाया जाएगा।

