जशपुर में ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। टमाटर के कैरेट की आड़ में 13 गोवंश की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ड्राइवर पिकअप छोड़कर भाग निकला। कार्रवाई के दौरान एक गोवंश की मौत हो गई।
.
मामला फरसाबहार थाना क्षेत्र के ग्राम पमशाला का है। दरअसल, पुलिस की सूचना मिली थी कि पिकअप (JH-01DQ-5773) में बड़ी संख्या में गोवंशों को ठूंसकर भरा गया है। ऊपर से टमाटर के कैरेट से ढका गया है। तस्कर इस वाहन को तुमला की ओर से झारखंड सीमा की ओर ले जा रहे थे।
सूचना मिलते ही फरसाबहार पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी शुरू कर संदिग्ध वाहन का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख ड्राइवर ने गाड़ी तेज चलाने लगा। ग्राम पमशाला चौक के पास गाड़ी बेकाबू होकर खेत में उतर गई। जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वाहन जांच में शेड के नीचे 13 गोवंश मिले
जब पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की, तो टमाटर के कैरेट हटाने पर पाया गया कि एक शेड के नीचे 13 गोवंश को क्रूरतापूर्वक एक-दूसरे के ऊपर ठूंसकर भरा गया था। दम घुटने और चोट लगने के कारण एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
एक गोवंश की मौत, बाकी 12 का उपचार
पुलिस ने मृत गोवंश का पशु चिकित्सक से पोस्टमॉर्टम करवाकर विधिवत अंतिम संस्कार कराया। बाकी12 गोवंश को बरामद कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करवाया गया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को पुलिस ने जब्त कर लिया है। नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
आरोपी पर अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6,10 के तहत केस दर्ज कर जांच में लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह का बताया कि गौ तस्करी में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि गौ तस्कर अब टमाटर के कैरेट जैसे नए-नए तरीकों से पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जशपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फरसाबहार क्षेत्र से टमाटर कैरेट की आड़ में ले जाए जा रहे गोवंश को छुड़ाया गया है। फरार तस्कर की तलाश जारी है।