Durg ranks first in nutrition tracker | दुर्ग पोषण ट्रैकर में पहले स्थान पर: कलेक्टर ने कहा- भोजन गुणवत्ता से समझौता नहीं; बाल संरक्षण समितियों की भी समीक्षा – durg-bhilai News

Author name

October 17, 2025


दुर्ग जिले ने राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के समापन पर पोषण ट्रैकर ऐप में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाल संरक्षण

.

17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चले राष्ट्रीय पोषण माह अभियान में दुर्ग ने कुपोषण नियंत्रण में यह बड़ी सफलता हासिल की। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह सफलता सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभागीय कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

उन्होंने सुपरवाइजरों और सीडीपीओ को निरीक्षण के दौरान स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलें, कार्यकर्ता उपस्थित रहें और बच्चों के वास्तविक आंकड़े ही पोषण ट्रैकर पर दर्ज किए जाएं, ताकि जमीनी स्थिति का सही मूल्यांकन संभव हो सके।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए

इस अवसर पर मेधावी छात्राओं, किशोरी बालिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान किया गया। महापौर अलका बाघमार ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। पीएम मातृत्व वंदना योजना, सक्षम योजना और महिला कोष के अंतर्गत चेक भी बांटे गए। कार्यक्रम में पांच महिलाओं की गोदभराई और पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न हुआ।

बाल संरक्षण समितियों की समीक्षा

इसी दिन कलेक्टर सिंह ने जिला कार्यालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक में बाल संरक्षण समितियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर जल्द से जल्द चाइल्ड हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं। इसका उद्देश्य असहाय और जरूरतमंद बच्चों को त्वरित सहायता प्रदान करना है।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी- कलेक्टर

कलेक्टर ने बताया कि किशोर न्याय बोर्ड में 237 और बाल कल्याण समिति में 118 प्रकरण लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निपटाने की आवश्यकता है। उन्होंने नाबालिगों में बढ़ती नशा प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिले में नशामुक्ति केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बाल सुरक्षा और महिला कल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



Source link