![]()
दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 79 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। 25 दिसंबर को एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
.
पुलिस के अनुसार, मृतक एम. मुन्नु स्वामी (79), निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई, 25 दिसंबर को सुबह करीब 10:45 बजे लूना (CG07H9865) से घासीदास सोसायटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एकता चौक की ओर से आ रही कार (CG07CZ3797) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
सिर में अंदरूनी चोटें आईं
हादसे में बुजुर्ग के सिर में अंदरूनी चोटें आईं और दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बीएसपी अस्पताल सेक्टर-9 भिलाई में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई थी।
5 दिनों बाद तोड़ा दम
लगभग पांच दिनों तक चले इलाज के बाद 30 दिसंबर को दोपहर 1:55 बजे उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई की गई।
कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
जामुल थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 BNS और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।