कोरबा में बुजुर्ग से मारपीट करने वाला युवक अरेस्ट
छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक युवक ने अपने ही घर की बुजुर्ग महिला से बदसलूकी की और मारपीट की। इस दौरान घरवालों ने उसे पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो परिजनों ने सड़क पर उसकी बेल्ट और डंडे के साथ लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी।
.
बाद में उसके हाथ-पैर पकड़कर उसे घर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन वह लगातार झगड़ा करता रहा। यह पूरा मामला करीब आधे घंटे तक चलता रहा और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
परिजनों की शिकायत के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाज़ार मुख्य मार्ग का है।
पहले देखिए तस्वीरें

आरोपी युवक नशे में घर और आसपास हंगामा करता था।

युवक की इसी हरकतों से परेशान होकर घरवालों ने उसकी सड़क पर पिटाई कर दी।

बुजुर्ग महिला की पिटाई के बाद घरवालों ने युवक के खिलाफ पुलिस स्टेशन में की शिकायत की।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मुड़ापार इलाके का रहने वाला 24 वर्षीय अरमान खान शुक्रवार की देर शाम घर के आसपास जोर-जोर से हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने घर की बुजुर्ग महिला के साथ बदसलूकी की और मारपीट भी की। उसकी हरकतें बढ़ती गईं, जिससे घर के लोग बहुत परेशान हो गए।
लोगों ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मान रहा था। जब हालात बिगड़ गए तो परिजनों ने उसकी पिटाई की। इसके बाद वे उसके हाथ-पैर पकड़कर उसे घर की ओर ले जा रहे थे, लेकिन वह फिर भी शांत नहीं हो रहा था और बार-बार झगड़ा कर रहा था। यह पूरा हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

मारपीट के बाद घरवाले युवक के हाथ-पैर पकड़कर उसे घर की ओर ले जा रहे थे।
पहले भी पिता के साथ कर चुका है मारपीट
जानकारी के मुताबिक, अरमान खान पहले भी अपने पिता के साथ मारपीट कर चुका है। उस समय शिकायत मानिकपुर चौकी में की गई थी और पुलिस ने कार्रवाई भी की थी, इसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

आरोपी युवक पहले भी अपने पिता के साथ मारपीट कर चुका है।
मारपीट मामले में पहले भी जा चुका है जेल
मानिकपुर चौकी में पदस्थ एएसआई अमर जायसवाल ने बताया कि अरमान खान पहले भी आईपीसी की धारा 307 (जानलेवा हमला) के मामले में जेल जा चुका है। इस बार फिर से उसने घर की बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो वायरल हुआ।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने अरमान खान को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई चल रही है।
नशे की लत बना रहा है समस्या
घरवालों के अनुसार, अरमान खान नशे का आदी है और नशे की हालत में ही ऐसी हरकतें करता है। पुलिस अब उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
………………………………………….
क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें
स्कूटी सवार युवतियों की गुंडागर्दी का VIDEO:बिलासपुर में युवकों को रोककर पैसे मांगे, विरोध करने पर मारपीट की, आंखों में मिर्च पाउडर फेंका

बिलासपुर में युवतियों ने गुंडागर्दी कर युवक को थप्पड़ जड़ा, फिर आंकों में मिर्च पाउडर फेंका।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 2 युवतियों ने युवकों के साथ मारपीट की है। पैसे नहीं देने पर उन्होंने 2 युवक को थप्पड़ मारा, फिर आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अभी तक युवकों ने थाने में इसकी शिकायत नहीं की है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर…