छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम सेनभाठा में एक 65 वर्षीय किसान मनबोध गांड़ा ने ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वह धान बेचने के लिए टोकन न मिलने से परेशान था।
.
गंभीर हालत में परिजनों ने मनबोध को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन श्वास नली कट जाने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मनबोध की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

डॉक्टरों के मुताबिक, सांस नली कटने से किसान की हालत गंभीर है।
पिछले 3 दिनों से लगा रहे थे चक्कर
किसान के पुत्र शंकर गांड़ा (34) ने बताया कि उनके पिता खेमड़ा सोसायटी में 50 कट्टा धान बेचने के लिए पिछले तीन दिनों से टोकन कटवाने के लिए च्वाइस सेंटर के चक्कर लगा रहे थे। मोबाइल नंबर से संबंधित कुछ परेशानी के कारण टोकन नहीं कट पा रहा था, जिससे उनके पिता परेशान थे।
बेटे ने रोते हुए बताया कि हमारे परिवार में 11 सदस्य है। 1 एकड़ 40 डिसमिल जमीन है। धान की पूरी कटाई हो गई है। धान को घर में ही रखे है। हम टोकन के लिए च्वाइस सेंटर जा रहे थे। वहां बार-बार अपडेट मांगा जा रहा था। च्वाइस सेंटर में बार – बार बोला जा रहा था कि मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हुआ है।
उनके पिता ने काफी टेंशन ले लिया था। लेकिन घर वालों को कुछ नहीं बताया। खेत गए थे वहां ब्लेड निकालकर खुद का गला काट लिया। आसपास के लोगों ने देखा तो आकर बताया।

गंभीर हालत में किसान मनबोध गांड़ा (65 साल)
मवेशियों को चराने निकले, उसी समय काटा गला
बेटे के अनुसार, मनबोध रोज की तरह सुबह 8 बजे मवेशियों को चराने निकले थे। गांव के खेतों में ही उन्होंने अचानक ब्लेड से अपना गला काट लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद 112 के माध्यम से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचे परिजन।
कलेक्टर बोले- जांच होगी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस मामले पर दैनिक भास्कर को बताया कि संबंधित किसान सोसायटी गया ही नहीं था, बल्कि अन्य स्रोतों से टोकन कटवाने की कोशिश कर रहा था।
उन्होंने यह भी कहा कि सोसायटी में टोकन की एक सीमा होती है और टोकन की कोई सामान्य परेशानी नहीं है। फिलहाल, मरीज को इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
…………………..
इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें…
राजनांदगांव में ब्याज-वसूली से परेशान किसान ने लगाई फांसी: सुसाइड नोट में ज्वेलर्स-कारोबारियों के नाम, परिजन बोले-धमकाया, गुंडे भेजे; 6 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं

राजनांदगांव में ब्याज वसूली से परेशान किसान ने किया सुसाइड।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 19 नवंबर की सुबह रामखिलावन साहू का शव (49 साल) सिंघोला धान खरीदी केंद्र के पास एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में राजनांदगांव के सर्राफा व्यापारी आरके ज्वेलर्स के संचालक, मंडी कारोबारी उमेश पालीवाल और रमेश पालीवाल के नाम लिखे गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…