‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान में तेजी आए इसलिए छत्तीसगढ़ सरकार ने इसका प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है। साय कैबिनेट के डिप्टी सीएम अरुण साव ने इस अभियान में शामिल होने की पहल प्रदेशवासियों से की है।
.

डिप्टी सीएम अरुण साव मीडिया से चर्चा करते हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से देश में आत्मनिर्भरता की दिशा में नया उत्साह पैदा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश की परंपरागत कला, संस्कृति और उत्पाद अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। बस्तर की लोककला, जशपुर की कॉफी और महिला स्व-सहायता समूहों के हर्बल उत्पाद अब राष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना चुके हैं।
पूरे देश में चल रहा अभियान
शनिवार को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ विषय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अरुण साव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक पूरे देश में चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 2014 से अब तक अर्थव्यवस्था में बड़े सुधार किए हैं। आयकर और जीएसटी स्लैब में बदलाव से गरीब, किसान, महिला और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिला है।

डिप्टी सीएम अरुण साव मीडिया से चर्चा करते हुए।
कोरोना काल में भारत ने आत्मनिर्भर क्षमता को दिखाया
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि कोरोना काल ने साबित किया कि भारत आत्मनिर्भर बनने की क्षमता रखता है। उस कठिन समय में भारत ने न केवल अपने नागरिकों को वैक्सीन दी, बल्कि 150 देशों को भी सहायता भेजी। उन्होंने बताया कि देश का रक्षा निर्यात अब 23 हजार 622 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है और भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत में बड़ा योगदान दे सकते हैं। दीपावली जैसे अवसरों पर हमें अपने ही राज्य के कलाकारों और कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद खरीदने चाहिए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो।