स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल गुरुवार को कोंडागांव जिले के फरसगांव पहुंचे। उन्होंने यहां डड़सेना कलार समाज के सामाजिक भवन का लोकार्पण किया और बस्तर संभाग स्तरीय राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती कार्यक्रम में भाग लिया।
.
मंत्री जायसवाल ने कलार समाज को गौरवशाली कलचुरी वंश की विरासत का संवाहक बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की विविधताओं के बावजूद यहां के लोगों के विचारों और संस्कारों में समानता पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के लोग हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, और इस एकता को बनाए रखना आवश्यक है।

शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील
उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा से ही समाज आगे बढ़ता है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बड़ेडोंगर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
इसके अलावा समाज की मांग पर उरंदाबेड़ा और इरागांव में सामाजिक भवन निर्माण की स्वीकृति देने का आश्वासन भी दिया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने भी समाज को आगे बढ़ाने में एकजुटता और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर बल दिया।
