जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत 10 गोवंश को तस्करों के कब्जे से छुड़ाया है। साथ ही फरार चल रहे एक आरोपी को झारखंड के लोहरदगा से गिरफ्तार किया है। जिस न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
.
जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को सोनक्यारी पुलिस चौकी ने सूचना के आधार पर ग्राम गुल्लू के जंगल पहुंची और घेराबंदी की। तस्कर घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने 10 गोवंश को सुरक्षित बरामद किया है।

तस्कर को झारखंड से लाया गया जशपुर
इसी अभियान के तहत तुमला थाना क्षेत्र में 2024 के गौ तस्करी मामले में फरार आरोपी इमरोज़ अंसारी (27) को पुलिस की टीम ने लोहरदगा से हिरासत में लिया और जशपुर लाया गया। दरअसल, 2024 में पुलिस ने ग्राम बारो में एक माल वाहक वाहन (JH 01U 9753) से तीन गोवंश जब्त किए थे।
उस दौरान आरोपी वाहन वहीं छोड़कर भाग निकले थे। जांच के दौरान इमरोज अंसारी को आरोपी के रूप में चिंहित किया गया था, जो घटना के बाद से फरार था। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच जारी है।