जशपुर पुलिस ने अवैध धान तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 270 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। इस कार्रवाई में दो ट्रक और दो पिकअप वाहन भी पकड़े गए, जिनमें 675 बोरी धान था। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग
.
धान खरीदी के मौजूदा सीजन के बीच पड़ोसी राज्यों से अवैध धान की तस्करी लगातार जारी है। जशपुर पुलिस ने इससे पहले भी 540 क्विंटल अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा था। बार-बार हो रही यह बड़ी बरामदगी दर्शाती है कि सीमावर्ती जिलों में अवैध धान तस्करी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं, लेकिन पुलिस की कड़ी निगरानी के कारण उनके मंसूबे सफल नहीं हो पा रहे हैं।
नाकेबंदी और मोबाइल पेट्रोलिंग से हो रही अवैध धान परिवहन पर निगरानी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध धान परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी के मौसम में ओडिशा और झारखंड से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी और लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।
इन्हीं प्रयासों के तहत बीती 3 दिसंबर की रात चार अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान दो ट्रक और दो पिकअप वाहनों को पकड़ा गया। लोदाम के मंडी बैरियर और दुलदुला के लोरो बगीचा में नेशनल हाईवे-43 पर गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दो संदिग्ध ट्रकों को रोका और उनकी जांच की।
जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG-04-PB-5744 और CG-13-AQ-9432 में क्रमशः 300 और 250 बोरी धान लदा पाया गया। पूछताछ में पहले ट्रक के ड्राइवर चंद्रकुमार (30 वर्ष), निवासी बिलासपुर, और दूसरे ट्रक के ड्राइवर महतीज (35 वर्ष), निवासी सारू पतराटोली, थाना चान्हो, जिला रांची ने बताया कि धान लोहरदगा और गुमला से लाया जा रहा था।
ड्राइवरों के पास धान परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले। जब्त धान को आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

तपकरा और जशपुर में पकड़ी गई दो पिकअप गाड़ियां
इसी रात दूसरी कार्रवाई में थाना तपकरा की टीम ने क्षेत्रांतर्गत ग्राम चिटका के ग्रामीण मार्ग में OD-14-S-9423 पिकअप वाहन को रोका, जिसमें 65 बोरी धान मिला। ड्राइवर ओम प्रकाश चौहान (25 वर्ष), निवासी हाथीबेड थाना तुमला (छत्तीसगढ़) ने धान को लुलकीडीह, घोघरा जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) से लाना स्वीकार किया।
वहीं थाना जशपुर पुलिस ने ग्राम जरिया में CG-14-MN-0232 पिकअप पकड़ी, जिसमें 60 बोरी धान लदा था। ड्राइवर गोविंद राम (25 वर्ष), निवासी ग्राम सीकरी, गजमा चौकी मनोरा ने बताया कि धान चैनपुर झारखंड से लाया गया था। दोनों से भी किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला।
