छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भगवान विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाई गई। राजमिस्त्री और ठेकेदारों ने 25 सालों की परंपरा को निभाते हुए शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक पर भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित की।
.
इस अवसर पर जिले में राजमिस्त्री और ठेकेदारों का 2 दिन का काम बंद रहा। जयंती के दूसरे दिन हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

25 वर्षों से घड़ी चौक पर विश्वकर्मा जयंती मनाते आ रहे
राजमिस्त्री संघ के सदस्यों ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से घड़ी चौक पर विश्वकर्मा जयंती मनाते आ रहे हैं। पिछले लगभग 6 सालों से यहां भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित की जा रही है। दोपहर में मूर्ति लाई जाती है और घड़ी चौक के पास पंडाल सजाकर विराजमान किया जाता है।
पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा की स्थापना की जाती है और ज्योति कलश भी स्थापित होता है। दिनभर राजमिस्त्री संघ के लोग विभिन्न आयोजन करते हैं और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं।
जयंती के दूसरे दिन होने वाले विशाल भंडारे में शहर के साथ-साथ आसपास के लगभग 20 किलोमीटर के ग्रामीण भी शामिल होते हैं। इस आयोजन में व्यापारियों का भी भरपूर सहयोग मिलता है, और सभी मिलकर भगवान विश्वकर्मा की जयंती मनाते हैं।
