Mother dies due to assault by son | जशपुर में पारिवारिक विवाद के चलते मां को पीटा: इलाज के दौरान मौत, आरोपी बेटा गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल – Jashpur News

Author name

November 4, 2025



जशपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी मां से मारपीट की, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सन्ना थाना पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना ग्राम महुआ कापुटोली की है।

.

पुलिस के अनुसार, महुआ कापुटोली निवासी सुलेंद्र राम (27) ने 2 नवंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच उन्हें गांव से झगड़े की आवाज सुनाई दी।

घर लौटने पर एक ग्रामीण लड़की ने उन्हें बताया कि सुंदर साय (21) अपनी मां गेंदी बाई (60) के साथ गाली-गलौज कर रहा था और जान से मारने की धमकी देते हुए लात-घूंसों से मारपीट कर रहा था।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई

सूचना मिलने पर सुलेंद्र राम अन्य ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गेंदी बाई के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और सूजन आ गई थी। घायल महिला को तुरंत सन्ना अस्पताल ले जाया गया।

रास्ते में तोड़ा दम

जहां से हालत गंभीर में उसे जिला अस्पताल जशपुर रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए डीकेएस अस्पताल रायपुर भेजा गया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। 1 नवंबर को अंबिकापुर वापस लाते समय रास्ते में ही गेंदी बाई की मौत हो गई।

पूछताछ में जुर्म स्वीकारा

परिजनों ने शव को वापस गांव लाकर पुलिस को सूचना दी। सन्ना पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू की। शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें मौत का कारण शरीर पर आई चोटों को बताया गया।

इस आधार पर पुलिस ने आरोपी सुंदर साय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी सुंदर साय को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि सन्ना क्षेत्रांतर्गत महुआ कापुटोली गांव में बेटे ने अपनी मां के साथ मारपीट की थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



Source link