सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में भक्तों की भीड़ उ
सावन के पहले सोमवार पर आज सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। चारामा में ब्राह्मण समाज ने जनकल्याण के लिए महारुद्राभिषेक का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव पूजन के लिए पहुंचे।
.
शिवालयों में सुबह से ही भक्त जल लेकर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना की। भक्तों ने शिवजी को जल, दूध, फूल, धतूरा, शहद, चावल और फल अर्पण किए। दीपक जलाकर आरती की। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार और क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
पहले सोमवार से कावड़ यात्रा भी शुरू
सावन के पहले सोमवार से कावड़ यात्रा भी शुरू हो गई। भक्त छोटी टुकड़ियों में महानदी में स्नान करने के बाद ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए शिवालयों तक पहुंचे। कई भक्तों ने जिले के बाहर होने वाली कावड़ यात्रा में भी शामिल होने की इच्छा जताई।
चारामा में महारुद्राभिषेक के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। अन्य शिवालयों में भी भंडारे का आयोजन कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। भक्तों का कहना था कि भगवान का प्रसाद पाकर उनकी आत्मा तृप्त हो गई।

पूरे दिन चलता रहा भजन कीर्तन
जिले के विभिन्न शिवालयों में भक्तों द्वारा सावन सोमवार के पहले दिन भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्त भगवान की पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में बैठकर पूरे दिन भजन कीर्तन करते रहे, वहीं मानस प्रेमियों ने भगवान राम की कथा भी सुनाई, भगवान शंकर की कथा सुनाई गई। देर शाम रामचरितमानस का आयोजन करते हुए भगवान राम के चरित्रों का वर्णन किया गया।