रायपुर में प्रॉपर्टी टैक्स के बड़े बकायादारों पर कर वसूलने को लेकर निगम अमला बड़ी कार्रवाई की तैयारी में।
रायपुर नगर निगम के पास बकाया टैक्स वसूलने के लिए केवल 7 दिन बचे हैं। 31 मार्च तक करीब 302 करोड़ रुपए टैक्स वसूलने का टारगेट है। इसी बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स के बड़े बकायादारों पर कर वसूलने को लेकर निगम अमला बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
.
निगम ने रायपुर के अलग-अलग जोनों के बकायादारों की लिस्ट बनाई है। जिन पर एक्शन हो सकता है। वहीं, उनकी प्रॉपर्टी को सील करने की तैयारी चल रही है। शहर के सीरत मैदान, बैजनाथपारा पर 66 लाख 39 हजार रुपए, यूनियन क्लब पर 47 लाख रुपए, होली क्रॉस हायर सेकेंडरी स्कूल, बैरन बाजार पर 38 लाख रुपए तो वहीं सुराना भवन पर 18 लाख रुपए से अधिक का टैक्स बकाया है।

टैक्स नहीं पटाने वालों पर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है।
5 से ज्यादा प्रॉपर्टी सील कर चुका निगम
जिन्होंने लंबे समय से टैक्स नहीं पटाया ऐसे 5 बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम ने उनकी प्रॉपर्टी सील की है। वहीं 31 मार्च से पहले और लोगों की प्रॉपर्टी पर निगम ताला लगाने की तैयारी में है। निगम अधिकारियों ने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद भी जो बड़े बकायादार टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उनकी संपत्ति कुर्क करने भी तैयारी है।
संपत्ति कुर्क करने का नोटिस जारी किया जा रहा
नगर निगम राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि टैक्स को लेकर बड़े बकायादारों को डिमांड बिल दिया गया है। डिमांड बिल देने के बाद भी जो लोग टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उन्हें डिमांड नोटिस दिया जा रहा है।
इसके बाद भी अगर कोई टैक्स जमा नहीं कर रहा है तो उनकी संपत्ति को सील करने और कुर्क करने का नोटिस जारी किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि आने वाले 7 दिनों में हम अपना टारगेट पूरा कर पाएंगे।

गुरुवार को निगम जोन 5 की टीम ने बडे़ बकायादार अर्बन कार वॉश की संपत्ति सील की।
7 दिन में 120 करोड़ टैक्स वसूलने का टारगेट
रायपुर नगर निगम के पास 128 करोड़ बकाया टैक्स वसूलने के लिए केवल 7 दिन बचे हैं। निगम अब तक 174 करोड़ ही टैक्स वसूल सका है। अब गिनती के दिन ही बचे हैं। ऐसे में निगम अफसरों के लिए 302 करोड़ रुपए टैक्स वसूली का लक्ष्य पूरा कर पाना आसान नहीं लग रहा है।
टैक्स के लिए बनाया काउंटर
नगर निगम मुख्यालय में सभी संपत्ति करदाता नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम राजस्व विभाग ने एक अलग से काउंटर बनाया है। यहां किसी भी वार्ड के रहने वाले जिनकी प्रापर्टी ऑनलाइन हो चुकी है, वे अपने संपत्ति-कर का भुगतान नगद या ऑनलाइन कर सकते हैं।
ये है बड़े बकायादार जिन पर कार्रवाई की तैयारी
- सीरत मैदान बैजनाथपारा – 66 लाख 39 हजार 336 रुपए
- यूनियन क्लब – 47 लाख 31 हजार 901 रुपए
- होली क्रॉस हायर सेकेंडरी स्कूल बैरन बाजार – 38 लाख 58 हजार 602 रुपए
- सुराना भवन राजीव गांधी चौक – 18 लाख 66 हजार 334 रुपए
- मुस्लिम हाल मुकुट नगर – 15 लाख 901 रुपए
- प्रांजल फ्यूल्स सुंदर नगर – 5 लाख 21 हजार 847 रुपए
- बैस कुर्मी क्षत्रिय समाज भवन दीनदयाल उपाध्याय नगर – 8 लाख 97 हजार 894 रुपए
- अनिल कुमार पटेल शांति विहार कॉलोनी – 12 लाख 44 हजार 880 रुपए
- नूतन राइस मिल – 64 लाख 72 हजार 303 रुपए
- डॉ सौरभ निरवानी – 19 लाख 47 हजार 856 रुपए
- अनिल अग्रवाल – 8 लाख 16 हजार 148 रुपए
- साजिदा बेगम – 4 लाख 79 हजार 939 रुपए
- सुदामा माल – 7 लाख 70 हजार 254 रुपए