आकाश तिवारी को रायपुर निगम का नेता प्रतिपक्ष बनाने पर बवाल मचा है।
रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष को लेकर जमकर बवाल चल रहा है। इस बीच कांग्रेस के 8 में से 5 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया इसे लेकर ही बाकी पार्षदों में नाराजगी है।
.
दरअसल, निगम बजट के पहले शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था। इसके लिए लेटर भी जारी कर दिया गया था। अब PCC ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर दिया। इस पर संदीप साहू ने कहा कि, PCC की तानाशाही चल रही है।

कांग्रेस के 5 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दिया है।
इन 5 पार्षदों ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया-
- संदीप साहू
- उपनेता प्रतिपक्ष जयश्री नायक
- रोनिता प्रकाश जगत
- दीप मनीराम साहू
- रेणु जयंत साहू
अब देखिए ये 2 लेटर जिसके कारण बढ़ा विवाद-

पहले शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने का आदेश जारी किया।

16 अप्रैल को जारी आदेश।
पहले संदीप साहू को बनाया गया था नेता प्रतिपक्ष
संदीप का दावा है कि, उनकी नियुक्ति PCC की पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर की मौजूदगी में सभी पार्षदों और विधायकों से चर्चा के बाद हुई थी। बाकायदा पीसीसी के पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर ने सभी छाया पार्षदों और विधायकों से चर्चा करने के बाद उनके नाम का ऐलान किया था। पार्षद दल का नेता चुनने के लिए नेताओं से भी बात की, फिर नगर निगम आयुक्त और महापौर को लेटर भेजा गया था।

कांग्रेस बोली- आकाश तिवारी को नियुक्त करना चाहिए
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चुनने की प्रक्रिया है। उस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद प्रदेश के सभी नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की सूची जारी की गई। उसे विधिवत नगर निगम को भेजा गया है।
रायपुर निगम में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मंत्री मलकीत सिंह गैदू ने सूचित किया है। इस पर नगर निगम को कार्रवाई करनी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। इसलिए निगम को उन्हें ही नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करना चाहिए।

16 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस ने आकाश को बनाया नेता प्रतिपक्ष
16 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से 10 नगर निगमों के नेता प्रतिपक्ष और उप नेता प्रतिपक्ष के नामों की नई लिस्ट जारी की गई थी। इसमें रायपुर से आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष और जयश्री नायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इससे पार्टी के भीतर भी नाराज़गी देखी गई थी और साहू समाज के लोगों ने भी कांग्रेस भवन जाकर विरोध किया था।

हाल ही में हुए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के दौरे में ही आकाश तिवारी की कांग्रेस में वापसी हुई थी।
बगावत से वापसी तक
चुनाव के वक्त जब कांग्रेस ने आकाश तिवारी को टिकट नहीं दिया, तो उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत गए। तब पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। लेकिन अब पार्टी उन्हें वापस लेकर नेता प्रतिपक्ष बना रही है। वहीं संदीप साहू भी अपना दावा ठोक रहे हैं ऐसे में कांग्रेस के अंदर कई सवाल और कन्ट्रोवर्सी खड़ी हो गई है।