राजनांदगांव जिले के छुरिया ब्लॉक में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चिरचारी में नलकूप खनन कार्य का सीमेंट सूचना बोर्ड गिरने से 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना सुबह 11:30 बजे की है।
.
युवांश निषाद अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। वह सूचना बोर्ड के पास पहुंचा। तभी पतली दीवार की तरह बना सीमेंट का बोर्ड अचानक भरभराकर गिर गया। युवांश इस बोर्ड के नीचे दब गया। स्थानीय लोग तुरंत उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना बोर्ड के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप।
घटना की सूचना मिलते ही खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मुख्य मार्ग पर धरना प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सूचना बोर्ड के निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने परिवार को मुआवजा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
युवांश के माता-पिता रोजी-मजदूरी के लिए हैदराबाद गए हुए थे। वह अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहता था। घटना की सूचना उसके माता-पिता को दे दी गई है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।