![]()
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश सह-संयोजक नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं उत्साह देखा जा रहा है।
.
रमन अग्रवाल पिछले तीन दशकों से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से महाविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में की थी।
उनकी संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अलग-अलग पदों पर रहने के बाद, मात्र 22 वर्ष की आयु में उन्हें भाजपा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में अपना प्रभाव बनाए रखा।
राजनीतिक करियर और अनुभव
2004 में वे सरगुजा जिले से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। उन्होंने दो बार नगर पंचायत रामानुजगंज के अध्यक्ष का पद संभाला और वर्तमान में नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। इन विभिन्न निर्वाचित पदों पर रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ भाजपा संगठन की मजबूती और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नवीन जिम्मेदारी और आभार
प्रदेश सह-संयोजक बनाए जाने से पहले, रमन अग्रवाल भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ में सरगुजा संभाग प्रभारी और जशपुर विधानसभा प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे थे। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
व्यापारी हित और संगठन मजबूती
उन्होंने यह भी बताया कि वे प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और संगठन की मजबूती के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। रमन अग्रवाल की इस नियुक्ति से संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।